यूपी में मतदाता सूची के लिए विशेष अभियान |
उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को अपडेट करने और सभी पात्र नागरिकों के नाम शामिल करने के लिए शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 को प्रदेशभर के मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान पहली बार वोटर बनने वाले युवाओं, महिलाओं और उन नागरिकों पर खास ध्यान दिया गया, जिनका नाम किसी कारण से मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने लखनऊ के कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर अभियान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निर्वाचन विभाग का उद्देश्य मतदाता सूची को सही और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
कई मतदान केंद्रों पर पहुंचे मुख्य निर्वाचन अधिकारी
नवदीप रिणवा ने विधानसभा क्षेत्र 173-लखनऊ पूर्व के मॉडर्न एकेडमी, विरामखंड और सेंट जॉन वास्को, विवेकखंड, गोमती नगर स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इसके अलावा, उन्होंने विधानसभा क्षेत्र 169-बक्शी का तालाब के अंतर्गत दिल्ली पब्लिक स्कूल, गोमतीनगर विस्तार स्थित मतदान केंद्र का भी दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) और वहां पहुंचे नागरिकों से बातचीत की। उन्होंने आवेदन प्रक्रिया और मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। प्रदेश के अन्य जिलों में भी निर्वाचन अधिकारियों ने बूथों का निरीक्षण किया।
फॉर्म-6 भरकर जुड़वा सकते हैं नाम
निर्वाचन विभाग के अनुसार, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए पात्र नागरिक फॉर्म-6 भर सकते हैं। पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के लिए भी यह सुविधा उपलब्ध है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी बूथों पर मतदाता सूची, पूरक सूची और पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6 उपलब्ध रहें। बूथ लेवल अधिकारी निर्धारित समय पर मौजूद रहकर नागरिकों की मदद करें।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन के साथ नवीनतम पासपोर्ट आकार की रंगीन फोटो और जन्म व निवास से जुड़े जरूरी दस्तावेजों की स्व-प्रमाणित प्रतियां देनी होंगी। परिवार के किसी सदस्य का वोटर आईडी नंबर उपलब्ध होने पर उसे भी आवेदन में शामिल किया जा सकता है।
ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन
पात्र नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल voters.eci.gov.in या ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। निर्वाचन विभाग ने लोगों से अपनी और परिवार के सदस्यों की जानकारी मतदाता सूची में जांचने की अपील की है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए पात्र नागरिकों की भागीदारी को जरूरी बताया। उन्होंने राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों और सामाजिक संगठनों से भी अभियान में सहयोग करने की अपील की।