शामली में सिंगर अंकित बालियान की हत्या |
उत्तर प्रदेश के शामली में बुधवार शाम हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 32 साल के अंकित जिम से बाहर निकल रहे थे, तभी हमलावरों ने उन पर करीब 18 राउंड फायरिंग की। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर और पेट में पांच गोलियां लगीं।
वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना से जुड़ा एक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें जिम के बाहर दो बाइक पर चार संदिग्ध लोग दिखाई दे रहे हैं।
गोगी गैंग ने ली हत्या की जिम्मेदारी
हत्या के बाद सोशल मीडिया पर गोगी ग्रुप के नाम से एक पोस्ट सामने आई है। पोस्ट में सोनीपत के भोलू शाहपुरिया नाम के व्यक्ति ने अंकित बालियान की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया।
पोस्ट में दावा किया गया कि अंकित उनके दुश्मनों का साथ देते थे और गोगी गैंग से जुड़ी एक घटना पर उन्होंने गाना बनाया था। पुलिस इस सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कर रही है और इसके पीछे की सच्चाई पता लगाने में जुटी है।
कैसे हुई वारदात?
जानकारी के मुताबिक, अंकित बुधवार शाम करीब 4 बजे रोज की तरह शामली के आर्यपुरी नाला पटरी स्थित जिम गए थे। करीब 7 बजे जिम से बाहर निकलने के बाद वह अपनी स्कॉर्पियो में जाने की कोशिश कर रहे थे।
इसी दौरान हमलावरों ने उनकी गाड़ी का गेट खोलकर उन पर लगातार गोलियां चला दीं। पुलिस को आशंका है कि हमलावर पहले से ही जिम के बाहर उनका इंतजार कर रहे थे।
तीन जिलों की पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने दिल्ली-मुजफ्फरनगर रोड पर जाम लगा दिया। अंकित की मां उनके शव को गोद में लेकर सड़क पर बैठ गईं। परिवार और लोगों ने पुलिस प्रशासन को लेकर नाराजगी जताई।
मेरठ जोन के ADG भानु भास्कर और सहारनपुर रेंज के DIG अभिषेक सिंह भी शामली पहुंचे। अधिकारियों ने परिवार को समझाकर देर रात जाम खुलवाया।
गुरुवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद अंकित का शव परिजनों को सौंप दिया गया। सुरक्षा को देखते हुए उनके घर के बाहर करीब 30 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
ADG मेरठ के मुताबिक, शामली, बागपत और मुजफ्फरनगर पुलिस मिलकर मामले की जांच कर रही है। चार पुलिस टीमें हरियाणा भेजी गई हैं और गोगी गैंग से जुड़े एंगल की भी जांच की जा रही है।
हत्या से एक घंटे पहले पोस्ट किया था गाना
अंकित ने हत्या से करीब एक घंटे पहले, बुधवार शाम 6 बजे अपने Instagram पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इसमें वह गाड़ी में बैठकर 'मर्डर मार दे सड़क के ऊपर' गाना गाते दिखाई दे रहे थे।
अंकित अपने गाने 'भरी कोर्ट में गोली मारेंगे' से काफी चर्चित हुए थे। यह गाना 15 फरवरी 2023 को रिलीज हुआ था और बाद में इस पर बैन लगा दिया गया था।
पुराने विवादों की भी जांच
पुलिस को शुरुआती जांच में करीब छह महीने पहले रोहतक में अंकित और एक अन्य सिंगर के बीच हुई कहासुनी के बारे में पता चला है। इसके बाद अंकित ने रोहतक में रहना कम कर दिया था और अपने गांव बंतीखेड़ा में ज्यादा समय बिताने लगे थे। हालांकि काम के सिलसिले में उनका रोहतक और आसपास के इलाकों में आना-जाना जारी था।
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस पुराने विवाद का हत्या से कोई संबंध है या नहीं।
इसके साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या अंकित को पहले कभी धमकी मिली थी। उनके पुराने विवाद, संपर्क में रहे लोगों, मोबाइल लोकेशन और CCTV फुटेज को खंगाला जा रहा है।
फिलहाल पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद, सुपारी और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।