एमएलसी चुनाव में यूपी के कई जिलों में हंगामा |
उत्तर प्रदेश में स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए हो रही वोटिंग के दौरान राज्य के कई जिलों से विवाद और हंगामे की खबरें सामने आई हैं। नोएडा, गोरखपुर, फतेहपुर और मेरठ में मतदान केंद्रों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए।
नोएडा में बस्ता लगाने को लेकर विवाद
नोएडा के थाना फेस-2 क्षेत्र स्थित पंचशील इंटर कॉलेज में मतदान के दौरान भाजपा और सपा कार्यकर्ताओं के बीच बस्ता लगाने को लेकर नोकझोंक हो गई। दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जिसे मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया।
गोरखपुर और फतेहपुर में भी तनातनी
गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के डीएवी पीजी कॉलेज मतदान केंद्र पर सपा प्रत्याशी डॉ. संजय त्रिपाठी के मीडिया से बात करने पर भाजपा समर्थकों ने विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में नोकझोंक हुई। वहीं, फतेहपुर के विजयीपुर ब्लॉक में राज्यमंत्री कृष्णा पासवान के समर्थकों को रोके जाने पर सपा नेता नरेश कोरी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हो गई।
मेरठ में सपा का हंगामा
मेरठ में मंत्री कपिल देव अग्रवाल के खुद को चीफ इलेक्शन एजेंट बताकर मतदान केंद्र पर जाने पर सपा ने कड़ा विरोध जताया। सपा ने आरोप लगाया कि कोई मंत्री एजेंट नहीं बन सकता, जिसको लेकर मतदान केंद्र पर जमकर हंगामा और धक्का-मुक्की हुई। सभी जगहों पर पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर स्थिति को नियंत्रित किया।