मिशन शक्ति बालिका अधिकारी |
गौतमबुद्धनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति फेज-6 अभियान के तहत गौतमबुद्धनगर के बिसरख, दादरी, दनकौर और जेवर में बालिकाओं को एक दिन के लिए अधिकारी बनकर काम करने का अवसर दिया गया। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक कामकाज की समझ बढ़ाना है।
पीएम श्री विद्यालय की छात्रा बनीं एक दिन की डायट प्राचार्य
पीएम श्री विद्यालय, थेका की कक्षा 8 की छात्रा संजना को एक दिन के लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) की प्राचार्य और उप शिक्षा निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई। डायट प्राचार्य श्रीमती अर्चना गुप्ता ने उन्हें प्रशासनिक कार्यों, शिक्षा विभाग की योजनाओं और कार्यालय प्रबंधन के बारे में जानकारी दी। इस दौरान संजना के भविष्य के लक्ष्य पर भी चर्चा हुई और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में जिला नोडल बालिका शिक्षा श्रीमती अर्चना पाण्डेय, डायट मेंटर दीक्षा, एसआरजी ब्लॉक बिसरख कंचन वाला, एआरपी ब्लॉक दनकौर आरती कुलश्रेष्ठ और श्रीमती रति गुप्ता, जेवर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
बिसरख में लक्ष्मी बनीं एक दिन की खंड शिक्षा अधिकारी
13 अक्टूबर 2026 को विकासखंड बिसरख के खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कुंवारी लक्ष्मी, पुत्री श्री ब्रह्मानंद ठाकुर, को सांकेतिक रूप से एक दिन के लिए खंड शिक्षा अधिकारी बनाया गया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय संचालन, खंड शिक्षा अधिकारी के कार्यों और शिक्षा विभाग की योजनाओं की जानकारी ली। खंड शिक्षा अधिकारी यशपाल सिंह ने उनसे उनके भविष्य के लक्ष्य के बारे में भी बातचीत की।
दादरी और जेवर में भी बालिकाओं को मिला अवसर
केजीबीवी दादरी में एक बालिका को एक दिन के लिए तहसीलदार बनाया गया। वहीं, जूनियर हाई स्कूल शादीपुर छिड़ौली की कक्षा 8 की छात्रा इस्बा को मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत राजकीय हाई स्कूल शादीपुर छिड़ौली की प्राचार्या की जिम्मेदारी दी गई।
इस पहल के जरिए बालिकाओं को प्रशासनिक जिम्मेदारियों से परिचित कराने और उन्हें अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।