Sunday, August 16, 2026 10:34:25 AM

रंगदारी केस में जिलाध्यक्ष गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर: 50 लाख की रंगदारी और लूट का खुलासा, गो रक्षा दल का जिलाध्यक्ष गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर रंगदारी और लूट के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से लूटी गई बोलेरो, विद्युत केबल और 50 हजार रुपये बरामद हुए।

मुजफ्फरनगर 50 लाख की रंगदारी और लूट का खुलासा गो रक्षा दल का जिलाध्यक्ष गिरफ्तार
रंगदारी केस में जिलाध्यक्ष गिरफ्तार |

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले की छपार थाना पुलिस ने रंगदारी और लूट के एक बड़े मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई महिंद्रा मैक्स बोलेरो, करीब 10 क्विंटल विद्युत केबल और रंगदारी की रकम में से 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हेमंत शर्मा के रूप में हुई है, जो गो रक्षा दल युवा का जिला अध्यक्ष बताया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद संगठन से जुड़े लोगों में हलचल है। फिलहाल, इस मामले पर संबंधित संगठन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात दिल्ली से हरिद्वार विद्युत केबल लेकर जा रही एक बोलेरो पिकअप को बाइक सवार बदमाशों ने रास्ते में ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद चालक लारेब और सहचालक अनीस अहमद को बंधक बना लिया गया।

आरोप है कि बदमाशों ने चालक के मोबाइल से वाहन मालिक जफर, निवासी न्यू सीलमपुर, नई दिल्ली, को फोन कर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। साथ ही रकम नहीं देने पर दोनों बंधकों की हत्या की धमकी दी गई। बाद में यह सौदा 12 लाख रुपये में तय हुआ।

पुलिस के मुताबिक, इसके बाद हेमंत शर्मा और उसका साथी सुमित, निवासी धौलाना, हापुड़, ने जफर को हाईवे स्थित रॉयल किंग्स होटल बुलाया, जहां उससे 9 लाख रुपये लिए गए। रकम मिलने के बाद चालक और सहचालक को छोड़ दिया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने हेमंत शर्मा को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पूरी वारदात की साजिश रचने, 9 लाख रुपये की रंगदारी लेने और लूटी गई विद्युत केबल बेचने की योजना की जानकारी दी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से महिंद्रा मैक्स बोलेरो, 10 क्विंटल विद्युत केबल और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें