कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 30 दावेदारों का इंटरव्य |
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी संगठन सृजन अभियान के जरिए जिला और महानगर अध्यक्ष पद के लिए मजबूत चेहरों की तलाश कर रही है।
गौतमबुद्धनगर जिला कांग्रेस अध्यक्ष और नोएडा महानगर अध्यक्ष पद के लिए वरिष्ठ नेताओं के साथ युवा कार्यकर्ताओं में भी दावेदारी को लेकर मुकाबला बढ़ गया है।
करीब 30 दावेदारों का इंटरव्यू
ग्रेटर नोएडा स्थित कांग्रेस कार्यालय में हाईकमान की समिति ने करीब 30 आवेदकों का इंटरव्यू लिया। इस दौरान उनसे उनके जनाधार, पार्टी की जानकारी, पार्टी के प्रति निष्ठा और जिम्मेदारी निभाने की क्षमता से जुड़े कई सवाल पूछे गए।
करीब पांच मिनट तक चले इंटरव्यू में समिति के सदस्यों ने दावेदारों से लगातार सवाल किए और उनकी राजनीतिक पकड़ को समझने की कोशिश की।
बंद लिफाफे में जाएगी रिपोर्ट
इंटरव्यू के बाद समिति प्रभारी और सदस्यों ने संभावित नामों की सूची तैयार कर उसे बंद लिफाफे में सील कर दिया है। अब दावेदारों की नजर इस बात पर है कि अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी किसे मिलती है।
संगठन सृजन अभियान के प्रभारी और आंध्र प्रदेश के नेता शेख मस्तान वली, समिति सदस्य पूर्व मंत्री सतीश शर्मा, गाजियाबाद के पूर्व जिलाध्यक्ष विनीत त्यागी और सहारनपुर के ज्ञानेंद्र राघव ने सुबह 10 बजे से आवेदकों के इंटरव्यू लिए।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इंटरव्यू देने वालों में वर्तमान जिलाध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला, नोएडा महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव, राष्ट्रीय सचिव अल्पसंख्यक विभाग लियाकत चौधरी, प्रदेश सचिव पुरुषोत्तम नागर, पूर्व महानगर अध्यक्ष रामकुमार तंवर, यतेंद्र शर्मा, दिनेश अवाना, दिनेश शर्मा, ललित अवाना, पवन शर्मा, विनोद पांडेय, फिरे सिंह नागर, शाहबुद्दीन, राजकुमार भारती, राजकुमार मोनू और दानिश सैफी समेत अन्य नेता शामिल रहे।
25 अगस्त को हाईकमान को रिपोर्ट
स्क्रीनिंग के बाद समिति प्रभारी शेख मस्तान वली 25 अगस्त को दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व को बंद लिफाफे में अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे।
अब सबकी नजर इस बात पर है कि 2027 विधानसभा चुनाव से पहले गौतमबुद्धनगर और नोएडा में कांग्रेस संगठन की कमान आखिर किसके हाथ आती है।