बिजनौर स्कॉर्पियो में आग |
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में बुधवार को नगीना-धामपुर बाईपास पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब हाईवे पर दौड़ रही एक स्कॉर्पियो कार में अचानक भीषण आग लग गई।
बताया जा रहा है कि धामपुर थाना क्षेत्र के नगीना-धामपुर बाईपास पर स्कॉर्पियो में कुल 9 लोग सवार थे। अचानक कार में आग लग गई और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें तेज होती देख कार में सवार सभी लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद धामपुर थाना प्रभारी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
चलती कार में आग लगने से हाईवे पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, ड्राइवर की सूझबूझ से कार में सवार 9 लोगों की जान बच सकी। फिलहाल पुलिस कार में आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटी है।