आगरा मृत घोषित महिला जिंदा हुई |
उत्तर प्रदेश के आगरा से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया। यहां इलाज के दौरान डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित की गई 65 वर्षीय महिला के शरीर में करीब 30 घंटे बाद अचानक हलचल होने लगी। यह घटना उस समय हुई, जब परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी कर चुका था।
यह मामला आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र की श्रीनगर कॉलोनी का है। जानकारी के अनुसार, 65 वर्षीय शीला देवी की मंगलवार तड़के अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। परिजनों का दावा है कि इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार उनके पार्थिव शरीर को बरेली से आगरा स्थित घर लेकर आया, ताकि अंतिम संस्कार की रस्में पूरी की जा सकें।
घर पर रिश्तेदारों और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई थी। अंतिम संस्कार के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं और श्मशान ले जाने का सामान भी मंगवा लिया गया था। पूरे परिवार में शोक का माहौल था।
इसी बीच, अंतिम संस्कार से ठीक पहले, करीब 30 घंटे बाद शीला देवी के शरीर में अचानक हरकत होने लगी। परिजनों के अनुसार, उन्होंने पास बैठे अपने भांजे का हाथ कसकर पकड़ लिया। यह देखकर वहां मौजूद सभी लोग हैरान रह गए। जैसे-जैसे शरीर में हलचल बढ़ी, परिवार का मातम खुशी और आश्चर्य में बदल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही श्रीनगर कॉलोनी में लोगों की भीड़ जुट गई। कई लोग इस घटना को कुदरत का करिश्मा मान रहे हैं।
इसके बाद परिजन शीला देवी को तुरंत आगरा के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
इस घटना के बाद डॉक्टरों द्वारा महिला को मृत घोषित किए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। चर्चा इस बात की है कि आखिर किन परिस्थितियों में उन्हें मृत घोषित किया गया और क्या यह मेडिकल लापरवाही का मामला हो सकता है। फिलहाल महिला अस्पताल में भर्ती हैं और डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।