पेपर लीक और छात्रों के मुद्दों को लेकर शनिवार शाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुल्तानपुर में कैंडल मार्च और सत्याग्रह किया। कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के आजाद पार्क तक पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने इस दौरान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि साल 2014 के बाद से NEET, CBSE समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने के मामले सामने आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन घटनाओं से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और कई युवा मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं।
राणा ने कहा कि देशभर में छात्रों ने जंतर-मंतर से लेकर सड़कों तक संघर्ष किया है। उन्होंने छात्रों के आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि सरकार ने दबाव में आकर कदम उठाए हैं। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को भी मजबूरी का फैसला बताया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई और लाठीचार्ज की निंदा की। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही उन्होंने पीड़ित छात्रों को उचित मुआवजा देने की भी मांग उठाई।
अभिषेक सिंह राणा ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का धन्यवाद करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा छात्रों, युवाओं और किसानों के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक लड़ती रहेगी।