त्योहारों से पहले गाजियाबाद पुलिस अलर्ट |
गाजियाबाद। दीपावली, धनतेरस, गोवर्धन पूजा और भैया दूज जैसे आगामी त्योहारों को देखते हुए गाजियाबाद पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था/यातायात राजकरन नैय्यर ने रिजर्व पुलिस लाइंस स्थित परेड हॉल में समीक्षा गोष्ठी आयोजित की।
बैठक में इंदिरापुरम, कौशांबी और खोड़ा थाना क्षेत्रों के थाना प्रभारियों के साथ चौकी और हल्का प्रभारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की गई।
अपर पुलिस आयुक्त ने सक्रिय अपराधियों और गैंगस्टर एक्ट के आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही चोरी, नकबजनी, लूट और स्नैचिंग जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अपराध की प्रवृत्ति वाले व्यक्तियों पर लगातार नजर रखने और उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा।
त्योहारों के दौरान बाजारों, प्रमुख व्यापारिक प्रतिष्ठानों, धार्मिक स्थलों और अन्य संवेदनशील व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा प्रभावी गश्त, सतर्क पुलिसिंग और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।