स्विस राष्ट्रपति नोएडा एयरपोर्ट दौरा |
स्विस परिसंघ के माननीय राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन मंगलवार को करीब 65 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर पहुंचे। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त तथा नागरिक उड्डयन विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार और इन्वेस्ट यूपी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विजय किरण आनंद ने उनका पारंपरिक अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया।
एयरपोर्ट पहुंचने के बाद अवनी बोर्ड रूम में राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन और उनके प्रतिनिधिमंडल के समक्ष एयरपोर्ट से संबंधित प्रस्तुतीकरण दिया गया। इस दौरान राष्ट्रपति ने प्रतिनिधिमंडल को संबोधित भी किया।
इसके बाद राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन, उनकी पत्नी और प्रतिनिधिमंडल के चयनित अधिकारियों ने एयरसाइड और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) टॉवर का निरीक्षण किया। वहीं प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों ने टर्मिनल, सुरक्षा क्षेत्र, बोर्डिंग गेट्स, एप्रन और बैगेज रिक्लेम समेत एयरपोर्ट की विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया।
एयरपोर्ट परिसर में भारतीय संगीत की धुनों के बीच प्रतिनिधिमंडल का समूह छायाचित्र भी लिया गया। निर्धारित कार्यक्रम के बाद प्रतिनिधिमंडल दोपहर करीब 2 बजे एयरपोर्ट से रवाना हुआ।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का विकास यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया है, जो स्विस परिसंघ की ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है। राष्ट्रपति ने एयरपोर्ट की आधुनिक यात्री सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
स्विस राष्ट्रपति के साथ आए करीब 65 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में उनकी पत्नी, स्विस राजदूत, राष्ट्रीय परिषद के सदस्य, राज्य सचिव और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि शामिल रहे। उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का यह दौरा भारत और स्विस परिसंघ के बीच आर्थिक एवं तकनीकी सहयोग की संभावनाओं की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना गया।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी को विस्तार मिलने के साथ क्षेत्र में औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल का यह दौरा भारत और स्विस परिसंघ के बीच विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ते सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर रहा।
इस अवसर पर यमुना विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी, एनआईए के सीईओ क्रिस्टोफ सैल्मन और चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर किरण जैन सहित प्रशासन, प्राधिकरण और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।