Wednesday, November 18, 2026 01:24:40 PM

सुल्तानपुर में ट्रेलर हादसा, चालक सुरक्षित
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, डिवाइडर तोड़ नीचे उतरा ट्रेलर, केबिन में फंसा चालक

सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार ट्रेलर डिवाइडर तोड़कर नीचे उतर गया। हादसे में चालक केबिन में फंस गया, जिसे एक घंटे के रेस्क्यू के बाद बाहर निकाला गया।

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा डिवाइडर तोड़ नीचे उतरा ट्रेलर केबिन में फंसा चालक
सुल्तानपुर में ट्रेलर हादसा, चालक सुरक्षित |

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए एक्सप्रेसवे से नीचे उतर गया। हादसे में ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अंदर ही फंस गया। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के मुताबिक, हादसा गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे दोस्तपुर थाना क्षेत्र के खालिसपुर दुर्गा गांव के पास किलोमीटर संख्या 156 पर हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रेलर करीब 100 मीटर तक डिवाइडर को क्षतिग्रस्त करता हुआ नीचे उतर गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही दोस्तपुर थाना प्रभारी नारद मुनि सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद फायर ब्रिगेड और यूपीडा की टीम को भी बुलाया गया। चालक केबिन में बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे निकालने के लिए बचाव दल ने केबिन काटने का काम शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला जा सका।

घायल चालक की पहचान जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी दान बहादुर विश्वकर्मा के रूप में हुई है। उसे एंबुलेंस से सीएचसी दोस्तपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर का नंबर BR 24 GD 3502 बताया गया है। फिलहाल ट्रेलर अनियंत्रित होने की वजह साफ नहीं हुई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें