Saturday, October 10, 2026 10:41:27 PM

सुलतानपुर पुलिस लाइन्स में नया जिम
सुलतानपुर पुलिस लाइन्स में अत्याधुनिक जिम का उद्घाटन, पुलिसकर्मियों को मिलेगी 24 घंटे सुविधा

सुलतानपुर पुलिस लाइन्स में पुलिसकर्मियों की फिटनेस के लिए अत्याधुनिक और वातानुकूलित जिम शुरू किया गया। जिम में आधुनिक उपकरण, प्रशिक्षित ट्रेनर और 24 घंटे उपयोग की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

सुलतानपुर पुलिस लाइन्स में अत्याधुनिक जिम का उद्घाटन पुलिसकर्मियों को मिलेगी 24 घंटे सुविधा
सुलतानपुर पुलिस लाइन्स में नया जिम |

सुलतानपुर पुलिसकर्मियों की फिटनेस और बेहतर स्वास्थ्य के लिए पुलिस लाइन्स में एक नई पहल की गई है। पुलिस लाइन्स में बनाए गए अत्याधुनिक और वातानुकूलित जिम का गुरुवार, 17 सितंबर को उद्घाटन किया गया।

जिम का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल और वामा सारथी पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्षा डॉ. तन्वी जायसवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

उद्घाटन के बाद एसपी और वामा सारथी अध्यक्षा ने जिम में मौजूद फिटनेस उपकरणों का जायजा लिया और उनके इस्तेमाल की जानकारी ली। जिम में पुलिसकर्मियों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए चेस्ट प्रेस मशीन, लेग कर्ल/लेग एक्सटेंशन, पुल डाउन मशीन, मल्टी फंक्शन स्टेशन, ट्रेडमिल, क्रॉस ट्रेनर और हाइपर एक्सटेंशन समेत कई आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं।

जिम पूरी तरह वातानुकूलित है और यहां प्रशिक्षित जिम ट्रेनर की भी व्यवस्था की गई है। खास बात यह है कि पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी के समय के अनुसार जिम का इस्तेमाल कर सकें, इसके लिए इसे 24 घंटे खुला रखा जाएगा।

एसपी विनीत जायसवाल ने कहा कि पुलिस की ड्यूटी जिम्मेदारी और चुनौतियों से भरी होती है। ऐसे में पुलिसकर्मियों का शारीरिक रूप से स्वस्थ और मानसिक रूप से मजबूत रहना जरूरी है। नियमित व्यायाम तनाव कम करने के साथ ऊर्जा, आत्मविश्वास और काम करने की क्षमता बढ़ाने में मदद करता है।

सुलतानपुर पुलिस के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रोत्साहित करना है। इसे ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ की भावना के अनुरूप पुलिस बल को स्वस्थ और सक्रिय रखने की दिशा में उठाया गया कदम बताया गया है।

उद्घाटन के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण मिश्रा, क्षेत्राधिकारी लाइन रामकृष्ण चतुर्वेदी, प्रतिसार निरीक्षक समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें