Friday, November 13, 2026 07:37:16 PM

वृंदावन दिनेश फलाहारी ब्रज रत्न
वृंदावन में दिनेश फलाहारी को मिला ‘ब्रज रत्न’ सम्मान, प्रेमानंद महाराज और विराट कोहली विवाद पर भी दिया बयान

वृंदावन में दिनेश फलाहारी को श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए संघर्ष के चलते ‘ब्रज रत्न’ सम्मान मिला। वहीं, विराट कोहली से जुड़े कथित पांच करोड़ रुपये के आरोप पर उन्होंने प्रेमानंद महाराज से स्पष्टीकरण मांगा

वृंदावन में दिनेश फलाहारी को मिला ‘ब्रज रत्न’ सम्मान प्रेमानंद महाराज और विराट कोहली विवाद पर भी दिया बयान
वृंदावन दिनेश फलाहारी ब्रज रत्न |

श्रीकृष्ण जन्मभूमि केस के पक्षकार दिनेश फलाहारी को वृंदावन स्थित राधा कुटी आश्रम में संतों ने ‘ब्रज रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि के लिए किए जा रहे संघर्ष और त्याग के लिए दिया गया। इस मौके पर फलाहारी ने कहा कि उन्होंने कभी किसी संत का अपमान नहीं किया।

समारोह की शुरुआत श्रीकृष्ण की रजत शिला के पूजन के साथ हुई। संतों ने दिनेश फलाहारी को ब्रज का गौरव बताते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि फलाहारी फलाहार ग्रहण करते हुए श्रीकृष्ण जन्मभूमि का केस लड़ रहे हैं। कुछ संतों ने आरोप लगाया कि ईर्ष्या के कारण कुछ लोग उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।

महामंडलेश्वर रामकृष्ण महाराज और जूना अखाड़े के प्रज्ञानंद गिरी ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण की रजत शिला का पूजन देशभर में किया जा रहा है और अखाड़ा परिषद इस पहल को समर्थन दे चुकी है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग भक्ति की शक्ति से परेशान हैं।

उद्योगपति रूप सिंह नागर और प्रशांत त्यागी ने भी दिनेश फलाहारी के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि फलाहारी ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि की लड़ाई को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया है और अब यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा में है। उन्होंने विश्वास जताया कि मथुरा में जल्द ही भगवान श्रीकृष्ण का भव्य मंदिर बनेगा।

बिहारी लाल वशिष्ठ और महामंडलेश्वर आदित्यानंद महाराज ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि ब्रजवासी की आलोचना करके कोई सनातनी नहीं कहलाया जा सकता। संत प्रेमानंद महाराज को पूजनीय बताते हुए उन्होंने दिनेश फलाहारी के त्याग को याद रखने और सभी विवाद समाप्त कर सनातन को मजबूत बनाने की अपील की।

प्रेमानंद महाराज और विराट कोहली को लेकर क्या बोले दिनेश फलाहारी?

दिनेश फलाहारी ने संत प्रेमानंद महाराज के दरबार में क्रिकेटर विराट कोहली के आने को लेकर लगाए गए पांच करोड़ रुपये के कथित भुगतान के आरोप पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि प्रेमानंद महाराज स्वयं स्पष्ट कर दें कि विराट कोहली ने कोई पैसा नहीं लिया, तो वह उनके चरणों में बैठकर माफी मांगेंगे।

फलाहारी ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि प्रेमानंद महाराज झूठ नहीं बोलते और वह राधारानी के उपासक तथा परम ज्ञानी हैं। उन्होंने दावा किया कि विराट कोहली को बाद में महसूस हुआ कि जिस तरीके से वह वहां आए, वह उचित नहीं था और इसके बाद उन्होंने कई गुना धन वापस किया था। फलाहारी ने यह भी दावा किया कि प्रेमानंद महाराज के यहां चलने वाला भंडारा विराट कोहली की ओर से संचालित हो रहा है।

हालांकि, उन्होंने विराट कोहली और प्रेमानंद महाराज की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी का अपमान करना नहीं है। वह चाहते हैं कि प्रेमानंद महाराज स्वयं इस मामले में स्थिति स्पष्ट करें। दूसरी ओर, विराट कोहली के प्रवक्ता ने पांच करोड़ रुपये दिए जाने के आरोप को निराधार बताया था।

कैसे शुरू हुआ विवाद?

बताया गया कि प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी ने वृंदावन के गऊ कृपा कुंज आश्रम की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद आश्रम को लेकर कई सवाल उठने लगे। इसी बीच दिनेश फलाहारी ने आरोप लगाया कि प्रेमानंद महाराज के शिष्यों के एक गुट ने विराट कोहली को कथित तौर पर पांच करोड़ रुपये देकर उनके दरबार में बुलाया था।

विराट कोहली के प्रवक्ता की ओर से आरोपों को निराधार बताए जाने के बाद फलाहारी ने अपना पक्ष रखा। अब इस पूरे मामले में प्रेमानंद महाराज की ओर से स्थिति स्पष्ट किए जाने को लेकर चर्चा हो रही है।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें