Friday, November 13, 2026 07:20:32 PM

संकिसा बनेगा बौद्ध पर्यटन केंद्र
संकिसा को अंतरराष्ट्रीय बौद्ध पर्यटन केंद्र बनाएगी यूपी सरकार, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने किया महोत्सव का शुभारंभ

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने मैनपुरी में अभिधम्म दिवस महोत्सव का शुभारंभ किया। सरकार संकिसा में विपश्यना केंद्र और पाली शोध संस्थान की योजना के साथ बौद्ध पर्यटन को बढ़ावा देगी।

 संकिसा को अंतरराष्ट्रीय बौद्ध पर्यटन केंद्र बनाएगी यूपी सरकार पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने किया महोत्सव का शुभारंभ
संकिसा बनेगा बौद्ध पर्यटन केंद्र |

उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने मैनपुरी के जसराजपुर स्थित वाई.बी.एस. सेंटर में चार दिवसीय ‘अभिधम्म दिवस महोत्सव’ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध के शांति, अहिंसा और करुणा के संदेश आज पूरी दुनिया के लिए महत्वपूर्ण हैं।

मंत्री ने कहा कि मौजूदा समय में दुनिया के कई हिस्सों में अशांति, हिंसा और युद्ध की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में भगवान बुद्ध की शिक्षाएं और अष्टांगिक मार्ग मानवता को सही दिशा दिखा सकते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के कथन को दोहराते हुए कहा कि दुनिया के कई देशों ने युद्ध दिया, जबकि भारत ने दुनिया को बुद्ध का संदेश दिया।

संकिसा को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय बौद्ध पर्यटन स्थल का दर्जा

जयवीर सिंह ने संकिसा के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार इसे अंतरराष्ट्रीय बौद्ध पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए काम कर रही है।

उन्होंने बताया कि भूमि अधिग्रहण से जुड़ी बाधाओं को दूर किया जा रहा है। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए सर्किल रेट बढ़ाया गया है, जिससे उन्हें दोगुनी राशि का लाभ मिलेगा। रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्वीकृत परियोजनाओं का काम जमीन पर शुरू होगा। साथ ही काली नदी के दोनों किनारों पर पर्यटन विकास के कार्यों को गति दी जाएगी।

संकिसा में बनेगा विपश्यना केंद्र

मंत्री ने बताया कि यूथ बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया की मांग पर संकिसा में विपश्यना केंद्र बनाने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा रही है। इसके निर्माण का काम जल्द शुरू करने की योजना है।

इसके अलावा, प्राचीन पाली भाषा के संरक्षण और अध्ययन को बढ़ावा देने के लिए संकिसा में पाली शोध संस्थान स्थापित करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जा रहा है।

भगवान बुद्ध के विचारों पर होगा शोध

अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान की ओर से भगवान बुद्ध के जीवन और उनके सिद्धांतों पर शोध तथा गोष्ठियां आयोजित की जा रही हैं। संस्थान की समिति का पुनर्गठन भी किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश के बौद्ध विद्वानों और अन्य प्रबुद्ध लोगों को शामिल किया जाएगा। इसका उद्देश्य बुद्ध के विचारों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाना है।

कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक डॉ. राकेश सिंह, पैक्सफेड के चेयरमैन प्रेमसिंह शाक्य, भंते सुरेश बौद्ध सहित कई गणमान्य नागरिक, बौद्ध भिक्षु और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें