बुलंदशहर साइबर ठगी रकम वापसी |
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) के मार्गदर्शन में सलैमपुर थाना पुलिस और साइबर क्राइम टीम ने एक साइबर ठगी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को उसकी पूरी रकम वापस मिल गई।
पुलिस के अनुसार, सलैमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सलैमपुर निवासी मुकुल, पुत्र शशेन्द्र कुमार, क्रेडिट कार्ड के माध्यम से हुई ₹45,974 की ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गए थे। इसके बाद उन्होंने सलैमपुर थाने की साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही थानाध्यक्ष नितिन जावला के नेतृत्व में गठित साइबर टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। टीम में शामिल एसआई शिवोम कठेरिया और वीरेन्द्र सिंह ने तकनीकी सहायता और लगातार प्रयासों से पीड़ित के खाते में ठगी गई पूरी ₹45,974 की राशि रिफंड करवा दी।
अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर मुकुल ने पुलिस प्रशासन और साइबर क्राइम टीम का आभार जताया और उनकी कार्यशैली की सराहना की।
इस अवसर पर सलैमपुर पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना बैंक खाता नंबर, PIN, OTP या CVV साझा न करें। यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या नजदीकी थाने की साइबर हेल्प डेस्क से संपर्क करें।