Thursday, October 08, 2026 06:51:16 PM

सहारनपुर कलेक्ट्रेट मस्जिद कुआं एएसआई जांच
सहारनपुर कलक्ट्रेट मस्जिद मामले में एएसआई जांच, कुआं 250 साल पुराना होने का अनुमान

सहारनपुर कलक्ट्रेट में मिले कुएं की ASI ने जांच की। कुआं 200-250 साल पुराना होने का अनुमान है। मस्जिद मामले में सुरक्षा भी बढ़ाई गई।

सहारनपुर कलक्ट्रेट मस्जिद मामले में एएसआई जांच कुआं 250 साल पुराना होने का अनुमान
सहारनपुर कलेक्ट्रेट मस्जिद कुआं एएसआई जांच |

सहारनपुर कलक्ट्रेट परिसर में मस्जिद ध्वस्तीकरण के बाद मिले कुएं की जांच के लिए सोमवार को लखनऊ से भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण यानी एएसआई की टीम पहुंची। एएसआई के सहायक पुरातत्व अधिकारी डॉ. मनोज कुमार यादव ने कुएं में उतरकर उसकी संरचना और ईंटों की जांच की। उन्होंने बताया कि कुआं पहली नजर में 200 से 250 साल पुराना हो सकता है और इसकी संरचना उत्तर मध्यकालीन जैसी लग रही है। हालांकि, जांच अभी जारी है और आगे की कार्रवाई प्रशासन के निर्णय पर निर्भर करेगी।

अधिकारी के मुताबिक, कुएं की गहराई करीब 20 फीट और व्यास करीब तीन फीट है। इसमें लगी ईंटें लखौरी ईंट जैसी दिखाई दे रही हैं। इनका आकार करीब 20 सेंटीमीटर लंबा, 10 सेंटीमीटर चौड़ा और 5 सेंटीमीटर ऊंचा है। एएसआई टीम ने कुएं की बाहरी और अंदरूनी संरचना के साथ आसपास की मिट्टी की भी जांच की। दोपहर करीब 12:30 बजे डॉग स्क्वॉड ने भी स्थल की जांच की।

मलबे में 1909 लिखी ईंट मिलने का दावा

मस्जिद का मलबा हटाने के दौरान एक ईंट मिलने का दावा किया गया है, जिस पर 1909 लिखा बताया जा रहा है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि 1909 ईंट के निर्माण का साल है या उस पर किसी दूसरी वजह से यह अंक दर्ज है। इसे लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चाएं चल रही हैं। कुछ लोग इसे मस्जिद की पुरानी उम्र से जोड़ रहे हैं, लेकिन फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

सपा नेताओं को हाउस अरेस्ट, प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन

सपा के 22 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के मंडलायुक्त से मिलने की घोषणा के बाद पुलिस-प्रशासन अलर्ट रहा। कई सपा नेताओं को उनके गृह जनपद में ही हाउस अरेस्ट कर लिया गया।

मुजफ्फरनगर से सांसद हरेंद्र मलिक और जिलाध्यक्ष जिया चौधरी कार्यकर्ताओं के साथ मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचे। मंडलायुक्त के मौजूद नहीं होने पर उन्होंने अपर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा।

सर्किट हाउस में पहले से पहुंचे सपा नेताओं के आसपास भी पुलिस की घेराबंदी रही। नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव और सांसद इकरा हसन समेत अन्य नेताओं की मौजूदगी में पुलिस तैनात रही। पूर्व मंत्री शायान मसूद को सर्किट हाउस पहुंचते ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

इसके बाद सपा नेताओं ने प्रेसवार्ता कर सरकार और प्रशासन पर तानाशाही का आरोप लगाया। उन्होंने मस्जिद स्थल पर सफाई, खुदाई या किसी भी तरह के बदलाव पर रोक लगाने और भूखंड पर किसी तीसरे पक्ष के अधिकार या निर्माण को रोकने की मांग की।

वहीं, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय राय को सहारनपुर पहुंचने से पहले ही लखनऊ में हाउस अरेस्ट कर लिया गया।

कलक्ट्रेट में सुरक्षा बढ़ाई गई

मस्जिद ध्वस्तीकरण के बाद सहारनपुर कलक्ट्रेट की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सोमवार को मुख्य गेट पर मेटल डिटेक्टर से जांच और आईडी चेक के बाद ही लोगों को प्रवेश दिया गया। पुलिसकर्मियों ने कर्मचारियों और फरियादियों से कलक्ट्रेट आने का उद्देश्य भी पूछा।

कोषागार, रजिस्ट्री, खनन और अधिवक्ताओं के चैंबर्स वाले गेट बंद रखे गए और प्रवेश केवल मुख्य गेट से दिया गया। एसपी सिटी व्योम बिंदल के मुताबिक, सुरक्षा के लिए कलक्ट्रेट समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

मस्जिद प्रबंधन हाईकोर्ट जाएगा

मस्जिद प्रबंधन कमेटी ने मामले को लेकर हाईकोर्ट जाने की तैयारी शुरू कर दी है। कमेटी के अधिवक्ता बाबर वसीम के मुताबिक, अगले एक-दो दिन में रिट दाखिल की जा सकती है। इसके लिए प्रयागराज हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं का पैनल तैयार किया जा रहा है और अतिरिक्त साक्ष्यों को भी अदालत के सामने रखने की तैयारी है।

धार्मिक स्थलों के मामलों में 14 सितंबर को अगली सुनवाई

सरकारी जमीन पर संचालित बताए जा रहे मदरसों, मस्जिदों और मजारों को लेकर धारा 67 के तहत जारी नोटिसों के मामलों में सोमवार को ग्राम समाज के लेखपालों के बयान दर्ज किए गए। संबंधित धार्मिक स्थलों के मुतवल्ली और प्रबंधक भी तहसीलदार के सामने पेश हुए।

देवबंद तहसीलदार की कोर्ट में भूमि स्वामित्व से जुड़े मामलों की सुनवाई के दौरान लेखपालों के बयान दर्ज किए गए। अब मामले की अगली सुनवाई 14 सितंबर को होगी।

उधर, विश्वकर्मा चौक पर एक विवादित पोस्टर भी मिला है। पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है और अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन के मुताबिक, जिले में फिलहाल शांति का माहौल है।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें