कुरावली पुलिस पर थर्ड डिग्री का आरोप |
मैनपुरी। जिले के कुरावली थाना क्षेत्र में एक कैंटीन कर्मचारी ने पुलिसकर्मियों पर हिरासत में मारपीट और थर्ड डिग्री देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित पक्ष का दावा है कि युवक कैंटीन में हुई चोरी की सूचना देने पुलिस के पास पहुंचा था, लेकिन पुलिस ने उसे ही हिरासत में ले लिया और चोरी कबूल करने का दबाव बनाया।
पीड़ित युवक की पहचान अजय के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, कैंटीन में चोरी होने के बाद अजय ने खुद पुलिस को इसकी सूचना दी थी। आरोप है कि इसके बाद पुलिस ने अजय को ही संदेह के घेरे में लेते हुए हिरासत में ले लिया।
अजय के पिता हरिदास राठौर ने आरोप लगाया कि थाने में बंद कमरे के अंदर छह पुलिसकर्मियों ने उनके बेटे के साथ मारपीट की। इनमें चार पुलिसकर्मी वर्दी में और दो सिविल ड्रेस में बताए गए हैं। पिता का दावा है कि अजय का मुंह कपड़े से बांधकर उसे डंडों से पीटा गया, जिससे उसके पैरों में गंभीर चोट आई और उसे खून की उल्टियां होने लगीं।
परिजनों ने इससे भी गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि अजय से चोरी का जुर्म कबूल कराने के लिए उसके गुप्तांगों में पेट्रोल डाला गया।
परिवार का आरोप है कि जब अजय की हालत बिगड़ गई तो पुलिस ने उससे जबरन यह लिखवाया कि थाने में उसके साथ किसी तरह की मारपीट नहीं हुई है।
परिजनों का यह भी आरोप है कि इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने के बाद उन पर शिकायत वापस लेने और कोरे कागज पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया गया।
पीड़ित परिवार ने अब पुलिस कप्तान से मुलाकात कर मामले की शिकायत की है। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित रूप से जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और अजय को न्याय दिलाने की मांग की है।
फिलहाल ये सभी आरोप पीड़ित और उसके परिवार की ओर से लगाए गए हैं। पुलिस पक्ष की प्रतिक्रिया सामने आने के बाद मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।