मैनपुरी में पीईटी परीक्षा को लेकर अलर्ट प्रशासन |
मैनपुरी। परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी न हो और अभ्यर्थी निष्पक्ष माहौल में परीक्षा दे सकें, इसके लिए मैनपुरी प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फीडिंग चेक की और सुरक्षा के साथ निगरानी व्यवस्था को भी बारीकी से परखा।
इस दौरान डीएम और एसपी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए। सभी कर्मचारी अपनी ड्यूटी जिम्मेदारी और पूरी निष्ठा के साथ निभाएं, ताकि परीक्षा की शुचिता बनी रहे।
अधिकारियों ने यह भी कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।