बुलंदशहर में प्रेमिका की चाकू से हत्या |
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। खुर्जा नगर की शिवलोक कॉलोनी में एक शादीशुदा युवक ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। मृतका चार बच्चों की मां थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका की पहचान बेबी उम्र करीब 35 साल के रूप में हुई है। वह अपने पति पंकज उर्फ भांते और चार बच्चों के साथ रहती थी। उसका पति हलवाई का काम करता है, जबकि बेबी एक पॉटरी इकाई में मजदूरी करती थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि बेबी के पॉटरी इकाई के ठेकेदार अजीत के साथ प्रेम संबंध थे। अजीत भी शादीशुदा है और उसकी दो बेटियां हैं।
कमरे में मिलने पहुंची थी महिला
घटना मंगलवार रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। बेबी के पति जब काम से घर लौटे तो वह घर पर नहीं मिली। बच्चों ने बताया कि ठेकेदार अजीत का फोन आने के बाद बेबी उसके पास गई है।
परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान सूचना मिली कि शिवलोक कॉलोनी में अजीत ने चाकू से हमला कर बेबी की हत्या कर दी है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ शोभित कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शादी को लेकर हुआ विवाद
पुलिस पूछताछ में आरोपी अजीत ने बताया कि उसके और बेबी के बीच प्रेम संबंध थे। उसके मुताबिक, बेबी लगातार उस पर शादी करके साथ रहने का दबाव बना रही थी।
मंगलवार रात जब बेबी उससे मिलने कमरे पर पहुंची, तो इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान अजीत ने चाकू से बेबी के सिर, सीने और पेट पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
महिला का शोर सुनकर पास में रहने वाले रोबिन और लक्ष्मी वहां पहुंचे। पकड़े जाने के डर से आरोपी मौके से भाग गया।
परिजनों ने शव रखकर लगाया जाम
बुधवार शाम पोस्टमार्टम के बाद जब बेबी का शव घर पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने नेहरूपुर चुंगी पर शव रखकर जीटी रोड जाम कर दिया और आरोपी को एनकाउंटर में ढेर करने की मांग करने लगे।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाया। करीब 30 मिनट की बातचीत के बाद जाम खोल दिया गया और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।
अजीत की पत्नी तीन साल पहले छोड़कर गई थी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अजीत की पत्नी करीब तीन साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी। उसकी दो बेटियां गांव में अजीत के भाई के पास रहती हैं। इसके बाद अजीत की बेबी से नजदीकियां बढ़ीं।
पुलिस के मुताबिक, अजीत को डर था कि पॉटरी संचालक को दोनों के रिश्ते की जानकारी हुई तो उसकी नौकरी जा सकती है। इसलिए वह बेबी से अपने किराए के कमरे पर ही मिलता था।
फिलहाल, पंकज की तहरीर पर अजीत के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।