मुजफ्फरनगर मुठभेड़ में इनामी हर्ष त्यागी घायल |
मुजफ्फरनगर। पानीपत-खटीमा हाईवे पर थार कार पर फायरिंग करने के मामले में छपार पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सोमवार देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी हर्ष त्यागी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी उज्जवल शर्मा को पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध हथियार, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को पानीपत-खटीमा हाईवे पर स्कॉर्पियो और बलेनो कार सवार आरोपियों ने सहारनपुर के देवबंद निवासी सद्दाम की थार कार पर फायरिंग की थी। मामले में थाना छपार में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छपार पुलिस की चार टीमें गठित की गई थीं। साथ ही एसओजी को भी इस कार्रवाई में शामिल किया गया था।
रामपुर तिराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस को मिली स्कॉर्पियो
पुलिस के मुताबिक, 2 और 3 नवंबर की दरमियानी रात छपार पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम रामपुर तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो आती दिखाई दी। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस टीम ने पीछा किया तो स्कॉर्पियो पानीपत-खटीमा हाईवे से रई जाने वाले रास्ते की ओर मुड़ गई। कुछ दूरी पर स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।
पुलिस टीम पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में हर्ष घायल
पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो से उतरकर दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हर्ष त्यागी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे आरोपी उज्जवल शर्मा को पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। घायल हर्ष को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
दो हथियार और स्कॉर्पियो बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक .32 बोर की अवैध पिस्टल, एक .315 बोर का तमंचा, तीन जिंदा और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की काले रंग की स्कॉर्पियो भी जब्त की गई है। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में दोनों आरोपियों ने 25 अक्टूबर को थार कार पर फायरिंग करने की बात स्वीकार की है।
हर्ष त्यागी पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्ष त्यागी पुत्र दीपक त्यागी निवासी साकेत कॉलोनी, थाना सिविल लाइन, मुजफ्फरनगर और उज्जवल शर्मा पुत्र विशाल शर्मा निवासी इंद्रा कॉलोनी, थाना सिविल लाइन, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, हर्ष त्यागी के खिलाफ मुजफ्फरनगर और सहारनपुर के विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट, बीएनएस और गैंगस्टर एक्ट समेत सात मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, उज्जवल शर्मा के खिलाफ छपार थाने में दर्ज फायरिंग के मामले का मुकदमा सामने आया है।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।