मुजफ्फरनगर-एसएसपी की बैठक |
मुजफ्फरनगर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। गुरुवार देर रात रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित अपराध गोष्ठी में उन्होंने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई और जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए।
बैठक में एसएसपी ने आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और संवेदनशील स्थानों की पहचान कर आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने पर जोर दिया। उन्होंने मीडिया से संबंधित महत्वपूर्ण घटनाओं पर त्वरित प्रतिक्रिया देने के साथ-साथ केवल सही और प्रमाणित जानकारी साझा करने के निर्देश भी दिए। साइबर अपराध की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई कर पीड़ितों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया।
एसएसपी ने गैंगस्टर एक्ट के तहत प्रस्तावित कार्रवाई, अपराधियों की अवैध संपत्तियों से जुड़े मामलों और गैंगचार्ट की समीक्षा की। उन्होंने थाना प्रभारियों को सभी कानूनी प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, न्यायालयों में गवाहों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने, लंबित मामलों में प्रभावी पैरवी करने और आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का वास्तविक समाधान करने पर जोर दिया।
बैठक में 60 और 90 दिनों की विवेचनाओं सहित लंबित अभियोगों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की समीक्षा की गई। एसएसपी ने महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई करने और पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान यक्ष ऐप, ई-साक्ष्य, ई-समन और एसआईडी से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। अपराध गोष्ठी में एसपी सिटी अमृत जैन, एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, एसपी अपराध इंदु सिद्धार्थ, एसपी यातायात अतुल कुमार चौबे समेत सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और संबंधित शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे।