मुजफ्फरनगर में छोटे व्यापारियों के हक में सपा |
मुजफ्फरनगर में छोटे व्यापारियों की समस्याओं और खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच प्रक्रिया को लेकर समाजवादी पार्टी ने आवाज उठाई है। समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष अब्दुल मुत्तलिब के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और व्यापार सभा के पदाधिकारियों ने गुरुवार को जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग पर जांच और सैंपलिंग के नाम पर छोटे व्यापारियों को परेशान किए जाने के आरोप लगाए गए। साथ ही ऑनलाइन कंपनियों के बढ़ते कारोबार से स्थानीय दुकानदारों को हो रहे नुकसान का मुद्दा भी उठाया गया।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच प्रक्रिया पारदर्शी बनाई जाए और व्यापारियों के उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच हो। इसके अलावा सैंपलिंग के नाम पर अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और छोटे दुकानदारों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी नीति बनाने की मांग की गई।
ईमानदार व्यापारियों को परेशान करना गलत: गौरव जैन
पूर्व विधान परिषद प्रत्याशी एवं सपा नेता गौरव जैन ने कहा कि छोटे व्यापारी देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं। मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई जरूरी है, लेकिन इसकी आड़ में ईमानदार दुकानदारों का उत्पीड़न नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन कारोबार के बढ़ते प्रभाव से स्थानीय बाजार और छोटे व्यापारियों की आजीविका प्रभावित हो रही है। सरकार को उनके रोजगार और सम्मान की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
वरिष्ठ सपा नेता साजिद हसन ने कहा कि छोटे दुकानदार अपनी मेहनत से परिवार चलाने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करते हैं। जांच के नाम पर अनावश्यक दबाव बनाने की शिकायतें गंभीर हैं। उन्होंने छोटे व्यापारियों को बड़ी ऑनलाइन कंपनियों के मुकाबले समान अवसर देने की मांग की।
छोटे दुकानदारों को मिले संरक्षण: अब्दुल मुत्तलिब
समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष अब्दुल मुत्तलिब ने कहा कि व्यापार सभा मिलावट के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई का समर्थन करती है, लेकिन सैंपलिंग के नाम पर ईमानदार व्यापारियों को परेशान करना या अवैध वसूली करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय बाजारों को बचाने और छोटे दुकानदारों को संरक्षण देने के लिए सरकार से प्रभावी नीति बनाने की मांग की।
ज्ञापन में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच व्यवस्था को पारदर्शी बनाने, शिकायतों के निस्तारण के लिए जिला स्तर पर व्यवस्था स्थापित करने और ऑनलाइन ई-कॉमर्स कंपनियों की कथित अनुचित व्यापारिक गतिविधियों की नियमानुसार जांच कराने की मांग भी शामिल रही।
इस दौरान सपा नेता गौरव जैन, साजिद हसन, अब्दुल मुत्तलिब, मो. नियाज हैदर, डॉ. इसरार अल्वी, मो. उमर, शाहमीर सालार, जुबैर, बाबर, मुनीर, गोल्डी राणा, गुलनाज, फहीम, ताहिर, दानिश एडवोकेट, आसिफ, नौशाद और दिलशाद सहित कई लोग मौजूद रहे।