मुजफ्फरनगर मिशन शक्ति 6.0 अभियान |
मुजफ्फरनगर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन में जिले के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया।
अभियान के तहत पुलिस टीमों ने स्कूल-कॉलेजों, गांवों, कस्बों, बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं से बातचीत की। इस दौरान पंपलेट वितरित कर उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन सेवाओं, सरकारी योजनाओं और सहायता केंद्रों की जानकारी दी गई।
हेल्पलाइन नंबरों के बारे में दी जानकारी
जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन-102 और एंबुलेंस सेवा-108 सहित विभिन्न जरूरी हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया।
इसके साथ ही जनसुनवाई पोर्टल और स्थानीय थानों में संचालित मिशन शक्ति केंद्रों की जानकारी भी दी गई, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं और बालिकाएं अपनी शिकायत दर्ज करा सकें और संबंधित सहायता प्राप्त कर सकें।
सरकारी योजनाओं के प्रति भी किया जागरूक
एंटी रोमियो टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को सरकार की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। इनमें निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान योजना और महिला शक्ति केंद्र योजना शामिल हैं।
पुलिस का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा सेवाओं और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है, जिससे वे जरूरत के समय उपलब्ध सहायता का लाभ उठा सकें।
मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने और सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।