मुजफ्फरनगर मे बिजली चोर गिरोह गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर में ट्यूबवेल से बिजली के उपकरण और ट्रांसफार्मर से कीमती सामान चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ‘ऑपरेशन किसान प्रहरी’ के तहत ककरौली पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर इलाज के लिए भेजा गया। वहीं, दो अन्य आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी और कांबिंग के दौरान पकड़ा।
पुलिस के मुताबिक, 30 अक्टूबर को ककरौली पुलिस और एसओजी देहात की टीम आश्रम चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी वापस मुड़कर भागने लगे। भागने के दौरान दोनों मोटरसाइकिल आपस में टकराकर गिर गईं। इसके बाद आरोपी ईख के खेतों में घुस गए और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि कांबिंग के दौरान दो अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कलीम उर्फ बिहारी, आबिद और शादाब निवासी निराना थाना सिखेड़ा तथा अदनान निवासी मंसूरपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे संगठित गिरोह बनाकर ट्यूबवेल से बिजली के उपकरण और तार चोरी करते थे। इसके अलावा ट्रांसफार्मर से कीमती सामान निकालकर बेचते थे और उससे मुनाफा कमाते थे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अदनान कबाड़ी का काम करता है। गिरोह के अन्य सदस्य चोरी का सामान उसे बेचते थे। वहीं, घायल आरोपी कलीम उर्फ बिहारी हिस्ट्रीशीटर बताया गया है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 30 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह सिखेड़ा थाने के चोरी गैंग का गैंग लीडर भी बताया गया है।
पुलिस ने इस कार्रवाई में छपार, मीरापुर, सिखेड़ा, रामराज, भोपा और जानसठ थाना क्षेत्रों में दर्ज बिजली उपकरण चोरी की नौ घटनाओं का खुलासा करने का दावा किया है।
बरामदगी में क्या-क्या मिला?
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन कॉपर एंगल, तीन कॉपर कटआउट, कॉपर की 14 पत्तियां, पांच किलो कॉपर तार, तीन विद्युत केबल, एक बंडल एल्युमिनियम तार और ट्रांसफार्मर की आठ कॉइल बरामद की हैं। इसके अलावा दो 315 बोर के अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और दो मोटरसाइकिल भी बरामद हुई हैं।
यह कार्रवाई एसएसपी सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण में एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक और सीओ भोपा राधारमण सिंह के निर्देशन में की गई। अभियान का नेतृत्व थानाध्यक्ष दीपक चौधरी और एसओजी देहात प्रभारी मोहित चौधरी ने किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस मामले में एसपी देहात अक्षय संजय महाडीक ने कार्रवाई से जुड़ी जानकारी दी।