Friday, November 13, 2026 01:06:55 PM

मुजफ्फरनगर में हथियार तस्करी गिरोह का खुलासा
मुजफ्फरनगर में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त का खुलासा, मेरठ के तीन युवक गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर में पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का खुलासा कर मेरठ के तीन युवकों को गिरफ्तार किया। हथियार और बाइक बरामद।

मुजफ्फरनगर में हथियार तस्करी गिरोह का खुलासा

मुजफ्फरनगर की कोतवाली नगर पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए मेरठ के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे 315 बोर, एक पिस्टल .32 बोर मैगजीन सहित, तीन मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, 29 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि कुछ युवक न्याजूपुरा से चरथावल रोड पर काली नदी पुल के पास अवैध हथियार बेचने के लिए मौजूद हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चांद निवासी आजाद नगर, सरधना, मोहम्मद अहमद निवासी सरधना और समीर निवासी सरधना, जनपद मेरठ के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे मेरठ के मैनापुट्ठी निवासी सितारा से 315 बोर के तमंचे 3 से 4 हजार रुपये में खरीदते थे और आगे 6 से 7 हजार रुपये में बेच देते थे। वहीं, .32 बोर की पिस्टल 30 से 35 हजार रुपये में खरीदकर 45 से 60 हजार रुपये तक में बेचते थे। इस कारोबार से होने वाले मुनाफे को तीनों आपस में बांट लेते थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपी हथियार बेचने के लिए किसी एक निश्चित ग्राहक पर निर्भर नहीं रहते थे। वे अपनी सुविधा के अनुसार हथियारों की खरीद-फरोख्त करते थे।

इस मामले में पुलिस ने कोतवाली नगर में मुकदमा अपराध संख्या 484/2026 के तहत धारा 3/5/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों के आगे और पीछे के नेटवर्क की जांच कर रही है। हथियार सप्लाई करने के आरोपी सितारा की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस टीम गठित की गई है।

यह कार्रवाई एसएसपी सूरज कुमार राय के निर्देशन, एसपी सिटी अमृत जैन के पर्यवेक्षण और सीओ सिटी सिद्धार्थ मिश्रा के नेतृत्व में थाना प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा की टीम ने की।

मामले में सीओ सिटी सिद्धार्थ मिश्रा (एएसपी) ने कार्रवाई से जुड़ी जानकारी दी।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें