मुजफ्फरनगर में मुठभेड़, शातिर चोर घायल |
मुजफ्फरनगर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नई मंडी पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक शातिर चोर गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी का गैस सिलेंडर, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और चोरी करने के उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 30 अक्टूबर को बच्चन सिंह कॉलोनी निवासी ऋषभ देव शर्मा ने अपने घर से नकदी, दो गैस सिलेंडर और अन्य सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में नई मंडी थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस चोरों की तलाश कर रही थी।
सोमवार, 2 नवंबर को नई मंडी पुलिस पचेंडा रोड पर प्लेटिनम रिसोर्ट के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो युवक बीच में गैस सिलेंडर लेकर आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी बाइक और सिलेंडर छोड़कर गन्ने के खेत में घुस गए।
पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा फरार हो गया। घायल आरोपी की पहचान नवाब हैदर पुत्र चांद मियां उर्फ हसन, निवासी न्याजूपुरा, थाना कोतवाली नगर के रूप में हुई है। वहीं, फरार आरोपी की पहचान आफताब पुत्र दिलशाद के रूप में की गई है।
मौके से पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस, चोरी का गैस सिलेंडर, काली एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल और चोरी करने के उपकरणों से भरा बैग बरामद किया। बैग में प्लास, हथौड़ी और सरिया समेत अन्य सामान मिला है।
प्रारंभिक पूछताछ में नवाब हैदर ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी आफताब के साथ 29 और 30 अक्टूबर की रात बच्चन सिंह कॉलोनी के एक बंद मकान में चोरी की थी। बरामद गैस सिलेंडर भी उसी मकान से चोरी किया गया था। आरोपी के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल करीब एक महीने पहले देहरादून से चोरी की गई थी। चोरी का बाकी सामान पहले ही बेच दिया गया था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार नवाब हैदर के खिलाफ सहारनपुर और मुजफ्फरनगर के अलग-अलग थानों में चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत 15 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ नई मंडी थाने में भी एक अन्य मुकदमा दर्ज है।
पूरी कार्रवाई एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देशन, एसपी सिटी अमृत जैन के पर्यवेक्षण, सीओ नई मंडी राजू कुमार साव के नेतृत्व और थाना प्रभारी आनंद देव मिश्रा की टीम ने की। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस कॉम्बिंग कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।