मुजफ्फरनगर पुलिस समीक्षा बैठक में सख्त निर्देश |
मुजफ्फरनगर के पुलिस लाइन सभागार में मंगलवार, 8 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने नगर सर्किल के थानों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान कोतवाली नगर, सिविल लाइन और खालापार थानों के अधिकारी और विवेचक मौजूद रहे।
बैठक में एसपी सिटी ने लंबित जांचों को जल्द और समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सबूत जुटाने, गवाहों के बयान और जरूरी कानूनी कार्रवाई समय से पूरी की जाए, ताकि मामलों को बेवजह लंबित न रखा जाए।
इसके अलावा वांछित और वारंटी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। अपराध में शामिल लोगों पर नजर रखने और नियम के मुताबिक सख्त कार्रवाई करने को भी कहा गया।
एसपी सिटी ने गौकशी और संपत्ति से जुड़े अपराधों में शामिल अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने और ऐसे मामलों को दोबारा होने से रोकने के लिए निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में रोजाना चेकिंग अभियान चलाने को कहा। संदिग्ध लोगों और वाहनों की नियमानुसार जांच करने के साथ ही संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। साथ ही साफ कहा गया कि चेकिंग के दौरान आम लोगों को बेवजह परेशान न किया जाए और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए।
बैठक में एल्फा, बीटा और गामा ड्यूटियों की भी समीक्षा की गई। पुलिसकर्मियों की ड्यूटी और उनके काम की नियमित निगरानी करने तथा इन ड्यूटियों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि इलाके में पुलिस की मौजूदगी बनी रहे और अपराध पर नियंत्रण किया जा सके।
एसपी सिटी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण पुलिस की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। सभी पुलिसकर्मी पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ काम करें और जनता को सुरक्षित माहौल देने पर जोर दें।
इस दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा समेत नगर सर्किल के सभी थाना प्रभारी और विवेचक मौजूद रहे।