मुजफ्फरनगर ट्रक आग हादसा वीडियो वायरल |
मुजफ्फरनगर। मंगलवार रात मुजफ्फरनगर में भीषण आग की चपेट में आए एक ट्रक का वीडियो बुधवार सुबह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक धूं-धूं कर जलता हुआ दिखाई दे रहा है। आग की ऊंची लपटों और चारों तरफ उठते धुएं से हादसे की भयावहता साफ नजर आ रही है। मौके पर दमकल विभाग की टीम ट्रक को चारों तरफ से घेरकर आग बुझाने में जुटी दिखाई दे रही है।
यह हादसा जानसठ कोतवाली क्षेत्र में कवाल गांव के पास पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 9 बजे चलते समय ट्रक डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर के बाद ट्रक में अचानक आग लग गई।
आग तेजी से फैलने पर चालक ने किसी तरह ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। वायरल वीडियो में ट्रक पूरी तरह आग की चपेट में दिखाई दे रहा है। सड़क पर आग की लपटें उठ रही हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग अपने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, यूपी-112 और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।
हादसे के बाद पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क के किनारे कराया गया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सुचारू हो गया।