बेगराजपुर हॉस्टल में छात्रा की मौत |
मुजफ्फरनगर: बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज के छात्रावास में सोमवार शाम एमबीबीएस फाइनल ईयर की 23 वर्षीय छात्रा शगुन सैनी का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। छात्रा हरियाणा के कैथल की रहने वाली थी। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, शगुन सैनी हॉस्टल के कमरे में अपनी सहपाठी जिया के साथ रहती थी। सोमवार शाम शगुन बाहर से लौटकर अपने कमरे में चली गई थी। उस समय उसकी रूम पार्टनर वहां मौजूद नहीं थी।
रात करीब 8:30 बजे जिया जब कमरे पर पहुंची, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी प्रयास करने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद उसने खिड़की से अंदर झांककर देखा, जहां शगुन का शव फंदे पर लटका हुआ दिखाई दिया। जिया ने तुरंत कॉलेज प्रशासन को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे में दाखिल हुई। घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया है और छात्रा के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
एसएसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि रूम पार्टनर जिया के अनुसार, शगुन का किसी दोस्त के साथ अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस को आशंका है कि यह विवाद घटना की वजह हो सकता है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। थाना प्रभारी विपिन त्यागी के मुताबिक, परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।