Friday, November 13, 2026 02:09:44 PM

मुजफ्फरनगर नवरात्रि खाद्य मिलावट पर कार्रवाई
मुजफ्फरनगर में खाद्य विभाग की कार्रवाई, 2860 किलो मसाले और कुट्टू का आटा सीज

मुजफ्फरनगर में नवरात्रि से पहले खाद्य विभाग की कार्रवाई में 14 नमूने लिए गए और गुणवत्ता पर संदेह के आधार पर 2,860 किलो मसाले व कुट्टू के आटे समेत अन्य खाद्य पदार्थ सीज किए गए।

मुजफ्फरनगर में खाद्य विभाग की कार्रवाई 2860 किलो मसाले और कुट्टू का आटा सीज
मुजफ्फरनगर नवरात्रि खाद्य मिलावट पर कार्रवाई |

नवरात्रि पर्व को देखते हुए मुजफ्फरनगर में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अभियान चलाया। इस दौरान तीन प्रतिष्ठानों से कुल 14 नमूने जांच के लिए लिए गए और गुणवत्ता पर संदेह के आधार पर बड़ी मात्रा में खाद्य पदार्थ सीज किए गए।

आयुक्त महोदया, लखनऊ के निर्देश और जिलाधिकारी के आदेश पर सहायक आयुक्त खाद्य-2 श्रीमती अर्चना धीरान तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने यह कार्रवाई की।

पहली कार्रवाई कस्बा छपार स्थित संदीप सिंह के प्रतिष्ठान संदीप ट्रेडर्स पर हुई। यहां से कुट्टू का आटा, हल्दी पाउडर, किशमिश और सॉस के एक-एक नमूने, कुल चार नमूने लिए गए। गुणवत्ता पर संदेह के चलते 2,000 रुपये कीमत का 20 किलोग्राम कुट्टू का आटा सीज किया गया।

दूसरी कार्रवाई शामली रोड स्थित मोहल्ला गौशाला में नफीस अहमद की मसाला निर्माणशाला पर की गई। यहां से साबुत हल्दी, पिसी हल्दी, साबुत लाल मिर्च, पिसी लाल मिर्च और साबुत धनिया के एक-एक नमूने, जबकि पिसे धनिया के दो नमूने लिए गए। कुल सात नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। इसके अलावा 3,50,400 रुपये मूल्य के 2,860 किलोग्राम पिसे और साबुत मसाले सीज किए गए।

वहीं, पचेंडा रोड स्थित मनोज प्रोविजन स्टोर से व्रत में इस्तेमाल होने वाले कुट्टू के आटे, कुट्टू की गिरी और साबूदाना के एक-एक नमूने लिए गए। गुणवत्ता पर संदेह के आधार पर 25,200 रुपये मूल्य का 210 किलोग्राम कुट्टू का आटा और 385 रुपये मूल्य की 3.5 किलोग्राम कुट्टू की गिरी सीज की गई।

विभाग के मुताबिक, सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप सिंह, डॉ. विशाल चौधरी, डॉ. अश्विनी कुमार, सुनील कुमार, पूनम कुमारी और नेहा चौधरी मौजूद रहे। विभाग ने कहा कि सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए मिलावट के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


सम्बन्धित सामग्री


हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें