सुल्तानपुर लापता युवती का शव मिला |
सुल्तानपुर: लंभुआ कोतवाली क्षेत्र में आठ दिन से लापता 26 वर्षीय युवती का शव मंगलवार दोपहर महमूदपुर गांव के पास दियरा रोड किनारे झाड़ियों में पेड़ से लटका मिला। शव से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। कई दिन पुराना होने के कारण शव की हालत खराब हो चुकी थी। वहीं, परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की गहराई से जांच कराने की मांग की है।
भवनपुर गांव निवासी मुक्ता देवी पत्नी स्वर्गीय राममूरत निषाद ने 23 सितंबर को लंभुआ कोतवाली में अपनी बेटी ज्ञानमती के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों के अनुसार, 22 सितंबर को दोपहर करीब एक से दो बजे के बीच ज्ञानमती बिना बताए इलाज कराने के लिए दियरा बाजार गई थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी।
मंगलवार को महमूदपुर के पास झाड़ियों में पेड़ से शव लटके होने की सूचना मिली। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर सीओ लंभुआ ऋतिक कपूर और इंस्पेक्टर धीरज कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे।
पुलिस की तलाश पर परिजनों ने उठाए सवाल
ज्ञानमती की मौत के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि गुमशुदगी की शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने युवती की तलाश में अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखाई। परिवार का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी ढंग से उसकी खोजबीन की जाती, तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी।
फिलहाल पुलिस युवती के लापता होने से लेकर शव मिलने तक की पूरी घटना और मौत के कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
छह भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी ज्ञानमती
ज्ञानमती छह भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी। उसका 24 वर्षीय भाई बृजेश निषाद मुंबई में निजी नौकरी करता है, जबकि 20 वर्षीय बहन संतराजी घर पर रहती हैं। एक बहन निर्मला की करीब आठ साल पहले मौत हो चुकी है। परिवार में सबसे छोटा भाई 14 वर्षीय दुर्गेश निषाद है। मां मुक्ता देवी गृहिणी हैं।
ज्ञानमती के पिता राममूरत निषाद की करीब 12 साल पहले मौत हो गई थी। वह मजदूरी करते थे। परिजनों के मुताबिक, उनकी मौत के चार-पांच दिन बाद उनका शव भी गोमती नदी के किनारे झाड़ियों में मिला था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
सीओ लंभुआ ऋतिक कपूर ने बताया कि युवती के लापता होने की शिकायत दर्ज कराते समय परिजनों ने किसी व्यक्ति पर कोई आरोप नहीं लगाया था। उन्होंने यह भी बताया कि युवती को पहले से कुछ शारीरिक समस्याएं थीं।
मंगलवार को युवती का शव बरामद हुआ है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।