मुजफ्फरनगर में इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल |
जनपद के मीरापुर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने गैगस्टर एक्ट में वांछित और 25,000 रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से अवैध असलहा, मोटरसाइकिल और 4 एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं।
चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत 23 अक्टूबर 2026 को थाना मीरापुर पुलिस चुडियाला रजवाहे की पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी। तभी कुतुबपुर की तरफ से एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो वह भागने लगा।
भागने के दौरान उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल कर गिर गई। इसके बाद बदमाश मौके पर ही बाइक छोड़कर पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करते हुए जंगल की तरफ भागा। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश आदिल रशीद पुत्र सगीर (निवासी- चिट्टा, थाना सलेमपुर, बुलंदशहर) घायल हो गया।
बरामदगी और आपराधिक इतिहास
पुलिस ने घायल बदमाश के पास से एक तमंचा (315 बोर), जिंदा और खोखा कारतूस, एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल (बिना नंबर) और 4 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। आरोपी आदिल रशीद मीरापुर थाने से गैगस्टर एक्ट में वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस अब बरामद एटीएम कार्डों और उसके अन्य आपराधिक इतिहास की गहराई से जांच कर रही है। आरोपी पर गाजियाबाद, प्रयागराज, अलीगढ़, पुणे (महाराष्ट्र) और मुजफ्फरनगर के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।