मेरठ में पत्नी-प्रेमी को फांसी की सजा |
मेरठ की जिला अदालत ने पति अमित कश्यप की हत्या के मामले में उसकी पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को फांसी की सजा सुनाई है। आरोप था कि दोनों ने अमित की गला दबाकर हत्या करने के बाद उसकी मौत को सांप के काटने से हुई मौत दिखाने की साजिश रची थी। शुक्रवार को सजा सुनाने से पहले अदालत ने दोनों दोषियों की बात वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनी।
बच्चों और बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल की लगाई गुहार
सजा सुनाए जाने से पहले जज ने रविता और अमरदीप से पूछा कि हत्या का दोषी ठहराए जाने के बाद वे क्या सजा चाहते हैं। इस पर रविता ने कहा कि उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं और उनका ख्याल रखा जाए। इसके बाद वह चुप हो गई।
वहीं, अमरदीप ने अपने बुजुर्ग माता-पिता का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सेवा करने वाला कोई नहीं है और उनकी देखभाल में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। दोनों की बातें सुनने के बाद वे अदालत में फूट-फूटकर रोने लगे।
मामले की सुनवाई कर रहे एडीजे-12 जयवीर सिंह नागर ने अपराध की गंभीरता पर टिप्पणी करते हुए कहा कि केवल काट डालना ही जघन्य अपराध नहीं है। फैसले के दौरान उन्होंने सती सावित्री का भी जिक्र किया और कहा कि जहां पत्नी पति की लंबी उम्र के लिए करवाचौथ का व्रत रखती है, वहीं यहां प्रेमी के साथ मिलकर ऐसा कृत्य किया गया, जो माफी के लायक नहीं है। अदालत ने इस मामले को रेयरेस्ट ऑफ रेयर यानी दुर्लभतम श्रेणी का अपराध माना।
क्या थी अमित कश्यप की हत्या की पूरी कहानी?
मामले के मुताबिक, 12 अप्रैल 2025 की रात रविता और अमरदीप ने कथित तौर पर अमित कश्यप की गला दबाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद हत्या को छिपाने और मौत को सांप के काटने का नतीजा दिखाने के लिए अमित के बिस्तर पर सांप छोड़ दिया गया। शुरुआत में परिजनों और पुलिस के सामने मौत की वजह सांप का काटना बताई गई, लेकिन परिजनों को घटना पर शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और हत्या से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की।
87 तारीखें, 12 से ज्यादा गवाह और अदालत का फैसला
इस मामले में पुलिस ने हत्या के करीब 60 दिन बाद चार्जशीट दाखिल कर दी थी। अदालत में सुनवाई के दौरान 551 दिनों में 87 तारीखें पड़ीं और अभियोजन पक्ष की ओर से 12 से अधिक गवाहों के बयान दर्ज किए गए। अदालत ने साक्ष्यों, गवाहों के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट सहित मामले से जुड़े तथ्यों पर विचार किया।
7 अक्टूबर को अदालत ने रविता और अमरदीप को दोषी करार दिया था। इसके बाद शुक्रवार को दोनों को फांसी की सजा सुनाई गई।
तीन दिन में चार दोषियों को मौत की सजा
मेरठ की अदालत में पिछले तीन दिनों के दौरान चार दोषियों को फांसी की सजा सुनाए जाने की बात सामने आई है। इससे पहले 14 अक्टूबर को नीले ड्रम हत्याकांड में मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल को भी मौत की सजा सुनाई गई थी। उस मामले में मृतक सौरभ राजपूत के भाई राहुल और उनकी मां रेनू देवी भी अदालत पहुंचे थे।
अमित कश्यप की मां ने फैसले के बाद भावुक होकर कहा कि अदालत के निर्णय से उन्हें खुशी मिली है और उनके बेटे की आत्मा को शांति मिलेगी। उन्होंने अमित के बच्चों के भविष्य को लेकर भी चिंता जताई।