Friday, November 13, 2026 01:28:31 PM

मेरठ नीला ड्रम केस में मौत की सजा का समर्थन
मेरठ नीला ड्रम केस: मुस्कान और साहिल को मौत की सजा, दुर्गा पंडाल में फांसी पर लटकाए प्रतीकात्मक पुतले

मेरठ नीला ड्रम हत्याकांड में मुस्कान और साहिल को मौत की सजा मिलने के बाद गोरखपुर के दुर्गा पंडाल में उनके प्रतीकात्मक पुतले फांसी पर लटकाए गए।

मेरठ नीला ड्रम केस मुस्कान और साहिल को मौत की सजा दुर्गा पंडाल में फांसी पर लटकाए प्रतीकात्मक पुतले
मेरठ नीला ड्रम केस में मौत की सजा का समर्थन |

मेरठ के चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड में मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला को मौत की सजा सुनाए जाने के बाद गोरखपुर में भी इस फैसले का समर्थन देखने को मिला। यहां मां दुर्गा के पंडाल के पास सड़क किनारे दोनों के प्रतीकात्मक पुतलों को फांसी पर लटकाया गया है। समिति के युवाओं ने इस तरह अदालत के फैसले के प्रति अपना समर्थन जताया।

गोरखपुर के सिमरिया इलाके में चौराहे के पास युवाओं ने मां दुर्गा की विद्युत चालित प्रतिमा स्थापित की है। क्षेत्र में इस प्रतिमा को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। नीला ड्रम हत्याकांड में सजा सुनाए जाने के बाद समिति के सदस्यों ने आरोपियों के प्रतीकात्मक पुतले फांसी पर लटकाए, जिन पर आते-जाते लोगों की नजर पड़ रही है।

समिति के अध्यक्ष नितेश ने कहा कि मामले में जिस तेजी से फैसला आया है, उससे लोगों का कानून के प्रति विश्वास और मजबूत होगा।

14 अक्टूबर को सुनाई गई मौत की सजा

मेरठ के चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार मिश्रा ने 14 अक्टूबर 2026 को मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को मौत की सजा सुनाई। इससे पहले 30 सितंबर 2026 को अदालत ने 22 गवाहों के बयान, डिजिटल सबूत और दोनों पक्षों के वकीलों की दलीलें सुनने के बाद दोनों को दोषी करार दिया था।

नीले ड्रम में शव के टुकड़े डालकर सीमेंट से बंद किया

मामला मार्च 2025 में सामने आया था। इंद्रानगर निवासी सौरभ राजपूत ने साल 2016 में मेरठ के ब्रह्मपुरी की रहने वाली मुस्कान से प्रेम विवाह किया था। सौरभ पहले मर्चेंट नेवी में काम करते थे और बाद में लंदन में नौकरी करने लगे थे। मुस्कान मेरठ में किराए के मकान में रहती थी। इसी दौरान उसके पुराने दोस्त साहिल शुक्ला से करीबी संबंध बन गए।

24 फरवरी 2025 को सौरभ अपनी छह साल की बेटी और पत्नी का जन्मदिन मनाने के लिए लंदन से भारत आए थे। आरोप है कि संबंधों में बाधा बनने के कारण मुस्कान ने नशे की गोलियां देने के बाद साहिल के साथ मिलकर 3 मार्च 2025 की रात सौरभ की हत्या कर दी।

इसके बाद शव के टुकड़े करके नीले ड्रम में डाले गए और सीमेंट से बंद कर दिया गया। फिर दोनों हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली और कसौल घूमने चले गए। मुस्कान अपने साथ सौरभ का मोबाइल भी ले गई थी, ताकि ऐसा लगे कि वह सौरभ के साथ घूमने गई है।

दोनों के लौटने के बाद 18 मार्च 2025 को पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया। 12 मई 2025 को पुलिस ने जांच पूरी कर करीब एक हजार पन्नों की चार्जशीट अदालत में दाखिल की थी।

साक्ष्य छिपाने के मामले में सात साल की सजा

अदालत ने हत्या के लिए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और साझा इरादे के लिए धारा 3(5) के तहत दोनों को मृत्युदंड सुनाया। वहीं, साक्ष्य छिपाने के अपराध में धारा 238(ए) के तहत सात-सात साल की सजा दी गई।

इसके अलावा, हत्या के मामले में दोनों पर 50-50 हजार रुपये और साक्ष्य छिपाने के मामले में 20-20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। जुर्माना नहीं देने पर पांच महीने और एक महीने का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

मुस्कान ने 24 नवंबर 2025 को जेल में दूसरी बेटी को जन्म दिया था। उसकी बड़ी बेटी पीहू अपने नाना-नानी के पास रहती है।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें