मैनपुरी एमएलसी चुनाव 2026 |
आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को लेकर शुक्रवार सुबह मैनपुरी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। इस चुनाव में करीब 2.30 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। चुनाव को पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
मतदान शुरू होते ही जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने कई मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने वोटिंग प्रक्रिया, मतदाताओं की चेकिंग और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया और वहां तैनात कर्मचारियों को जरूरी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने जानकारी दी कि तय समय पर सभी बूथों पर वोटिंग शुरू हो गई है और हर जगह व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त है। मतदाताओं की सही पहचान और सत्यापन के बाद ही उन्हें अंदर जाने दिया जा रहा है, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।
प्रशासन ने मतदाताओं की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा है। मतदान केंद्रों पर मोबाइल फोन ले जाने की मनाही के चलते बाहर ही 'मोबाइल जमा करने के काउंटर' बनाए गए हैं, जहाँ मतदाता अपना फोन सुरक्षित जमा करके वोट डालने के बाद वापस ले सकते हैं। प्रशासन और पुलिस की सख्ती के बीच चुनाव आयोग के नियमों का पूरी तरह पालन कराया जा रहा है।