मैनपुरी में मेगा विधिक सहायता शिविर का शुभारंभ |
मैनपुरी। सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अब लोगों को अलग-अलग विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें एक ही जगह पर जरूरी सुविधाएं मिल सकें, इसी उद्देश्य से मैनपुरी में वृहद मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश रूपेश रंजन, जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी गई। शुभारंभ के बाद जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सभी विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने वहां मौजूद कर्मचारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और पात्र लाभार्थियों तक उनका लाभ पहुंचाने के बारे में जानकारी ली।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए और उन्हें सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया।
इस मेगा शिविर का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और विधिक सहायता के प्रति जागरूक करना, साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जरूरतमंदों तक पहुंचाना रहा। इसके जरिए लोगों को एक ही स्थान पर अलग-अलग सरकारी विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।