लोन-जॉब ठगी का मुख्य आरोपी गिरफ्तार |
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में साइबर पुलिस ने लोन और नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राघवेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो दिल्ली में रहता है और मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। तकनीकी जांच और सबूत जुटाने के बाद पुलिस पहले ही छह आरोपियों—सुनील गुप्ता, रुकुम, शेखर, दानवीर सिंह, तान्या और अर्जुन सिंह—को अलग-अलग तारीखों पर गिरफ्तार कर चुकी है। अब जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर मुख्य आरोपी राघवेंद्र सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी वेबसाइट बनाने का काम करता है। उसने करीब 10 साल पहले पावर इन्फोटेक नाम से अपनी फर्म शुरू की थी। पुलिस के अनुसार, वह फेसबुक विज्ञापनों और गूगल विज्ञापनों के जरिए वेबसाइटों का प्रचार करता था। आरोप है कि भ्रामक विज्ञापनों और वेबसाइटों के माध्यम से लोन की तलाश कर रहे लोगों और नौकरी खोजने वालों को निशाना बनाकर ठगी की जाती थी।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।