Wednesday, July 22, 2026 12:06:00 AM

नीट पेपर लीक पर लखनऊ में छात्रों का प्रदर्शन
NEET पेपर लीक के विरोध में लखनऊ में छात्रों का प्रदर्शन, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तेज

NEET पेपर लीक के विरोध में लखनऊ में छात्रों ने प्रदर्शन किया और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।

neet पेपर लीक के विरोध में लखनऊ में छात्रों का प्रदर्शन धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तेज
नीट पेपर लीक पर लखनऊ में छात्रों का प्रदर्शन |

NEET पेपर लीक मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन का सिलसिला जारी है। दिल्ली और पुणे के बाद अब लखनऊ में भी कॉकरोच जनता पार्टी के आह्वान पर छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया। पुलिस और प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद प्रदर्शनकारी इको गार्डन पहुंचे, जहां उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें उठाईं।

प्रदर्शन में कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके भी मौजूद रहे। सुबह से ही बड़ी संख्या में छात्र इको गार्डन में जुटने लगे थे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस बल और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई थी।

साधु वेश में पहुंचे व्यक्ति ने खींचा ध्यान

प्रदर्शन के दौरान एक व्यक्ति साधु की वेशभूषा में इको गार्डन पहुंच गया। उसने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि वह बच्चों को न्याय दिलाने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए आया है।

उसने कहा, “मैं योगी जी नहीं हूं, योगी टू हूं। मैं बच्चों के अधिकारों के लिए लड़ने आया हूं।”

हालांकि, प्रदर्शन कर रहे छात्र उस व्यक्ति को अपने आंदोलन से दूर रहने के लिए कहते नजर आए। छात्र नहीं चाहते थे कि वह उनके विरोध प्रदर्शन का हिस्सा बने।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

प्रदर्शनकारियों ने एक बार फिर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। छात्रों का कहना है कि NEET पेपर लीक मामले के लिए शिक्षा मंत्रालय जवाबदेह है और इस मामले में जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।

प्रदर्शन में शामिल लोगों ने आरोप लगाया कि NEET परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। इसी वजह से वे लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

20 जून को फिर दिल्ली में प्रदर्शन की चेतावनी

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि यदि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते हैं तो प्रदर्शनकारी एक बार फिर दिल्ली पहुंचेंगे।

उन्होंने घोषणा की कि 20 जून को दिल्ली में दोबारा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। दीपके का कहना है कि NEET, CBSE और CUET जैसी परीक्षाओं में शामिल छात्रों को अन्याय का सामना करना पड़ा है और सरकार अब तक जवाबदेही तय करने में विफल रही है।

फिलहाल लखनऊ का यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहा, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने साफ कर दिया है कि उनकी मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें