Friday, November 13, 2026 08:08:27 PM

लखनऊ गोमती नदी बाढ़
लखनऊ में गोमती नदी का रौद्र रूप, मंदिरों और रिहायशी इलाकों में घुसा पानी

लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर 108.14 मीटर पहुंच गया है। कई इलाकों और मंदिर परिसरों में पानी भरने से हालात गंभीर हैं। प्रशासन राहत-बचाव में जुटा है।

लखनऊ में गोमती नदी का रौद्र रूप मंदिरों और रिहायशी इलाकों में घुसा पानी
लखनऊ गोमती नदी बाढ़ |

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पिछले कई दिनों से पानी बढ़ने के कारण नदी का जलस्तर सामान्य से करीब आठ फीट ऊपर पहुंच गया है और 108.14 मीटर के खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है।

गोमती का पानी अब तटीय इलाकों से आगे बढ़कर शहर के कई रिहायशी, पर्यटन और धार्मिक स्थानों तक पहुंच गया है। प्रसिद्ध हनुमंत धाम यानी हनुमान सेतु मंदिर परिसर, प्राचीन शनि देव मंदिर और लक्ष्मण मेला मैदान के आसपास काफी पानी भर गया है। खतरे को देखते हुए प्रशासन ने गोमती रिवरफ्रंट की ‘फूड वैली’ को एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए बंद कर दिया है।

‘मां गोमती करा रहीं हनुमान जी को स्नान’

बढ़ते जलस्तर के चलते प्रसिद्ध लेटे हुए हनुमान मंदिर परिसर में भी पानी पहुंच गया है। मंदिर के मुख्य पुरोहित विनोद तांगड़ी ने हालात को भयावह बताया। उनके मुताबिक, 2006-07 के बाद पहली बार गोमती का पानी इस स्तर तक पहुंचा है।

पुरोहित ने कहा कि मां गोमती हनुमान जी के चरणों तक पहुंच गई हैं और उन्हें स्नान करा रही हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, मंदिर परिसर में पानी भरने पर हनुमान जी ‘विश्राम अवस्था’ में चले जाते हैं। ऐसे में मूर्ति को लाल चादर से ढक दिया जाता है और बाहर से ही दूर से भोग और आरती की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 1956 से 1983-84 के बीच गोमती नदी हर साल हनुमान जी को स्नान कराती थी। मौजूदा बाढ़ के कारण डाउनस्ट्रीम क्षेत्र की करीब 20 से 25 फीसदी आबादी प्रभावित हुई है।

BKT के गांवों में 30 नावें और 4 राहत शिविर

शहर के साथ ग्रामीण इलाकों में भी बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। बख्शी का तालाब यानी BKT तहसील के लासा, बहादुरपुर, सुल्तानपुर और अकड़िया मऊ गांवों में पानी का स्तर थोड़ा कम हुआ है, लेकिन ग्रामीणों की परेशानियां अभी जारी हैं।

प्रशासन ने लोगों की आवाजाही और राहत सामग्री पहुंचाने के लिए 30 नावें लगाई हैं। इसके अलावा 4 राहत शिविर और सहायता केंद्र बनाए गए हैं। यहां बाढ़ प्रभावित लोगों को ठहरने के साथ भोजन और दूसरी जरूरी सुविधाएं दी जा रही हैं।

DM और JCP ने नाव से लिया जायजा

हालात को देखते हुए जिलाधिकारी विशाख जी और संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार ने प्रभावित इलाकों का नाव से दौरा किया और राहत-बचाव कार्यों की स्थिति देखी।

डीएम ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित गांवों में मेडिकल किट और पानी साफ करने के लिए क्लोरीन की गोलियां बांट रही हैं।

वहीं, पशुपालन विभाग की टीमें मवेशियों के लिए चारा-भूसा उपलब्ध कराने और बीमार पशुओं का इलाज करने में जुटी हैं।
फैजुल्लागंज में ड्रोन से एंटी-लार्वा छिड़काव

फैजुल्लागंज में भी बाढ़ का पानी घुसने से स्थिति गंभीर बनी हुई है। डीएम विशाख जी ने नाव से इलाके में पहुंचकर प्रभावित परिवारों को ड्राई राशन किट बांटी और उनकी समस्याएं सुनीं।

नगर आयुक्त गौरव कुमार ने भी फैजुल्लागंज का निरीक्षण कर जल निकासी, फॉगिंग और सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। नगर निगम पंपसेट की मदद से रिहायशी इलाकों से पानी निकाल रहा है।

जलभराव के कारण मच्छरों और बीमारियों के खतरे को देखते हुए पहली बार ड्रोन के जरिए एंटी-लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन और राजस्व विभाग के अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें