मुजफ्फरनगर पीस कमेटी बैठक |
जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने और शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक नगर मुजफ्फरनगर श्री अमृत जैन ने थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित महमूदिया मदरसे में धर्मगुरुओं और संभ्रांत लोगों के साथ पीस कमेटी की बैठक की।
बैठक में मौजूद धर्मगुरुओं और संभ्रांत लोगों से जनपद में कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक नगर श्री अमृत जैन ने सभी लोगों से एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों, असामाजिक तत्वों या किसी भी तरह की आपराधिक और अवांछित गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
उन्होंने लोगों से किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने और अफवाह की पुष्टि उच्चाधिकारियों से करने की अपील की। साथ ही जिले में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने को कहा गया।
सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट से बचने की अपील
बैठक में लोगों से अपील की गई कि सोशल मीडिया पर ऐसी कोई पोस्ट शेयर न करें, जिससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हों। इसके अलावा किसी भी तरह की भड़काऊ, गलत या अशोभनीय पोस्ट शेयर न करने को कहा गया।
लोगों से किसी भी हिंसात्मक या कानून विरोधी गतिविधि का हिस्सा नहीं बनने की भी अपील की गई।
सोशल मीडिया पर पुलिस की निगरानी
पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि पुलिस सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रख रही है। उन्होंने कहा कि अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने और अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को शांति एवं सद्भाव बनाए रखने के लिए जागरूक करने की अपील की गई।
बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर श्री सिद्धार्थ के. मिश्रा सहित पुलिस के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।