Saturday, September 05, 2026 01:09:15 AM

सुलतानपुर घंटाघर का 34 लाख से कायाकल्प
सुलतानपुर के चौक घंटाघर का होगा कायाकल्प, 34 लाख रुपये से बदलेगा स्वरूप

सुलतानपुर के ऐतिहासिक चौक घंटाघर का 34 लाख रुपये से सौंदर्यीकरण होगा। नई डिजिटल घड़ियां और फसाड लाइटें लगेंगी। काम 20 सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है।

सुलतानपुर के चौक घंटाघर का होगा कायाकल्प 34 लाख रुपये से बदलेगा स्वरूप
सुलतानपुर घंटाघर का 34 लाख से कायाकल्प |

शहर की पहचान और ऐतिहासिक धरोहरों में शामिल चौक घंटाघर अब जल्द ही नए और आधुनिक रूप में नजर आएगा। नगर पालिका परिषद ने घंटाघर की मरम्मत, जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण की तैयारी तेज कर दी है।

गुरुवार को पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल की मौजूदगी में लखनऊ से पहुंची इंजीनियरों, तकनीकी विशेषज्ञों और इलेक्ट्रिशियन की टीम ने चौक घंटाघर का निरीक्षण किया।

पालिकाध्यक्ष ने बताया कि घंटाघर का पिछली बार 2007-08 में सौंदर्यीकरण कराया गया था। लंबे समय से इसकी मरम्मत और पुरानी घड़ियों को बदलने की जरूरत महसूस की जा रही थी। इसी को देखते हुए अब इसे आधुनिक सुविधाओं और नई लाइटिंग से बेहतर बनाने की योजना तैयार की गई है।

योजना के तहत घंटाघर के चारों तरफ लगी पुरानी घड़ियों को हटाकर नई डिजिटल घड़ियां लगाई जाएंगी। इसके अलावा आधुनिक फसाड लाइटिंग के जरिए घंटाघर को रोशन और आकर्षक बनाया जाएगा। भवन की जरूरी मरम्मत और जीर्णोद्धार का काम भी कराया जाएगा।

इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 34 लाख रुपये खर्च किए जाने का प्रस्ताव है। नगर पालिका ने 20 सितंबर तक सभी काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है। आगामी दुर्गा पूजा और अन्य त्योहारों के दौरान घंटाघर को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा, जिससे शहर के इस प्रमुख स्थल की खूबसूरती और बढ़ने की उम्मीद है।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र सरोज, सहायक अभियंता सिविल संतोष कुमार, अवर अभियंता सिविल नीलम कुमारी, मार्ग प्रकाश विभाग के अजय तिवारी, सुनील श्रीवास्तव और हनुमान सिंह समेत लखनऊ से आए इंजीनियर, तकनीकी विशेषज्ञ, इलेक्ट्रिशियन और स्थानीय लोग मौजूद रहे।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें