लखनऊ में बैंक अफसर की गोली मारकर हत्या |
लखनऊ में गुरुवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। एक बैंक कर्मचारी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और बहन को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे आरोपी ने ICICI बैंक के बाहर अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा को फोन करके बुलाया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद आरोपी ने दिव्या को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।
गोली की आवाज सुनकर बैंककर्मी और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। दिव्या को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद आरोपी सीधे अपने घर पहुंचा। वहां उसने कमरा बंद कर अपनी बहन को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मार ली।
मृतका की पहचान दिव्या मिश्रा के रूप में हुई है। वह ICICI बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं और आलमबाग में रहती थीं।
जानकारी के मुताबिक, दिव्या ने करीब एक साल पहले अपने पति मानस से तलाक लेने के लिए कोर्ट में अपील दायर की थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम भी जांच में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।