Friday, November 13, 2026 07:56:29 PM

किसानों की मांगों को लेकर भाकियू ने सौंपा ज्ञापन
घिरोर की 12 जनसमस्याओं को लेकर भाकियू (महाशक्ति) ने सौंपा ज्ञापन, 7 दिन का अल्टीमेटम

मैनपुरी के घिरोर में 12 जनसमस्याओं को लेकर भाकियू (महाशक्ति) ने DM के नाम ज्ञापन सौंपा और 7 दिन में कार्रवाई न होने पर धरने की चेतावनी दी।

 घिरोर की 12 जनसमस्याओं को लेकर भाकियू महाशक्ति ने सौंपा ज्ञापन 7 दिन का अल्टीमेटम
किसानों की मांगों को लेकर भाकियू ने सौंपा ज्ञापन |

घिरोर/मैनपुरी। तहसील घिरोर क्षेत्र की जनसमस्याओं और किसानों से जुड़ी मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (महाशक्ति) ने जिलाधिकारी मैनपुरी के नाम उपजिलाधिकारी घिरोर को 12 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। संगठन ने समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की है।

ज्ञापन में खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने, घिरोर गोल चक्कर से बाईपास तक बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने और इंटरलॉकिंग सड़क बनवाने की मांग की गई। इसके अलावा तहसील में रजिस्ट्री कार्यालय शुरू कराने और तहसील कार्यालयों से प्राइवेट कर्मचारियों को हटाने की मांग भी उठाई गई।

संगठन ने राशन कार्ड और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र सात दिनों के भीतर जारी करने, चकरोडों से अवैध कब्जे हटाने और तहसील स्तर पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी तैनात करने की मांग रखी। साथ ही परिषदीय विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था सुधारने, बाईपास पर दिशा-सूचक बोर्ड लगाने, आवास सर्वे में कथित घोटाले की जांच कराने और पेंशन में दलाली पर रोक लगाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

इस दौरान युवा जिलाध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा कि तहसील क्षेत्र के किसान लंबे समय से इन समस्याओं से परेशान हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर कार्रवाई की लिखित सूचना नहीं दी गई, तो संगठन तहसील मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान संजय शर्मा (जिलाध्यक्ष मैनपुरी), संतोष कुमार (विधानसभा अध्यक्ष), बृजकिशोर शर्मा (जिला उपाध्यक्ष), दुष्यंत मिश्रा (जिला सह प्रभारी), मनोज कुमार (जिला संयोजक), विकास यादव (तहसील सचिव), बबलू यादव (जिला सचिव), राजीव कुमार, जीतू और अंकित सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें