दिव्या मित्तल राजा भैया पोस्टर सियासी चर्चा |
लखनऊ: भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) से इस्तीफा देकर सक्रिय राजनीति में आने का ऐलान करने वाली पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल को लेकर उत्तर प्रदेश में सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। एक तरफ योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्री अनिल राजभर और ओम प्रकाश राजभर उन्हें हतोत्साहित कर रहे हैं, वहीं जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के एक वरिष्ठ नेता ने पार्टी अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ के साथ उनका पोस्टर जारी कर उनका उत्साह बढ़ाया है।
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के वरिष्ठ नेता डॉ. बृजेश सिंह राजावत ने सोशल मीडिया पर दिव्या मित्तल और राजा भैया की तस्वीर वाला एक पोस्टर साझा किया। इस पोस्टर के सामने आने के बाद दोनों के साथ आने की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
पोस्टर के साथ डॉ. बृजेश सिंह राजावत ने लिखा, “क्या उत्तर प्रदेश में राजनीति का एक नया अध्याय शुरू होगा?” उन्होंने दिव्या मित्तल का राजनीति के ‘कुरुक्षेत्र’ में स्वागत करते हुए लिखा कि IAS का अनुभव और राजा भैया की जमीनी पकड़ मिलकर यूपी में नई दिशा की शुरुआत कर सकती है।
हालांकि, पोस्टर के कैप्शन में सिर्फ संभावना जताई गई है। दिव्या मित्तल पहले ही स्पष्ट कर चुकी हैं कि वह किसी राजनीतिक दल के साथ नहीं जाएंगी। ऐसे में फिलहाल राजा भैया और दिव्या मित्तल के बीच किसी राजनीतिक गठजोड़ की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
उत्तर प्रदेश में कुछ महीनों बाद विधानसभा चुनाव होने हैं और सभी राजनीतिक दल अपनी तैयारियों में जुटे हैं। ऐसे समय में दिव्या मित्तल के IAS पद से इस्तीफा देकर राजनीति में आने के ऐलान ने सियासी चर्चाओं को और बढ़ा दिया है।
दिव्या मित्तल को यूपी की चर्चित और तेजतर्रार IAS अधिकारियों में गिना जाता है। IIT और IIM से पढ़ाई करने के बाद उन्होंने प्रशासनिक सेवा में काम किया और अपने कार्यकाल के दौरान कई कामों के लिए उन्हें लोगों की सराहना मिली। हाल ही में IAS पद से इस्तीफा देने के बाद उनके राजनीति में आने को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हुई थीं। अब उन्होंने खुद साफ कर दिया है कि राजनीति ही उनकी आगे की राह होगी।