छतारी मारपीट 50 हजार लूट |
थाना छतारी क्षेत्र के गांव बरकातपुर में बीड़ी देने से मना करने पर एक व्यक्ति के साथ मारपीट और 50 हजार रुपये लूटने का आरोप सामने आया है। पीड़ित की पत्नी ने थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव बरकातपुर निवासी रानी पत्नी धर्मेंद्र कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पति सोमवार शाम करीब 7 बजे डिबाई मंडी से 50 हजार रुपये लेकर घर वापस लौट रहे थे। आरोप है कि पथवारी चौराहे के पास गांव बरकातपुर निवासी नरेश ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और बीड़ी मांगी।
रानी के मुताबिक, उसके पति ने बीड़ी देने से मना कर दिया। इसके बाद नरेश ने कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और अपने बेटों को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि इसके बाद सभी ने मिलकर धर्मेंद्र के साथ मारपीट की और उन्हें जमीन पर गिराकर बुरी तरह घायल कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावर उसके पति के पास मौजूद 50 हजार रुपये लेकर भाग गए। आरोप यह भी है कि उनका मोबाइल फोन तोड़ दिया गया।
रानी ने पुलिस से नरेश और उसके पुत्रों सचिन, सौरभ और डिंसू के खिलाफ मामला दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।