Sunday, August 16, 2026 10:33:33 AM

सुल्तानपुर में उद्यमी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
सुल्तानपुर में उद्यमियों को सरकारी योजनाओं और व्यवसाय विस्तार की दी गई जानकारी

सुल्तानपुर में NSSH, MSME मंत्रालय और DICCI के संयुक्त तत्वावधान में उद्यमी जागरूकता एवं विशेष विक्रेता विकास कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें सरकारी योजनाओं और व्यवसाय विस्तार की जानकारी दी गई।

सुल्तानपुर में उद्यमियों को सरकारी योजनाओं और व्यवसाय विस्तार की दी गई जानकारी
सुल्तानपुर में उद्यमी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित |

राष्ट्रीय अनुसूचित जाति-जनजाति हब (NSSH), सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय और दलित इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (DICCI) के संयुक्त तत्वावधान में सुल्तानपुर के मोटल एनएच-56 में उद्यमी जागरूकता एवं विशेष विक्रेता विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के उद्यमियों को सरकारी योजनाओं, सरकारी खरीद प्रणाली और व्यवसाय विस्तार के अवसरों की जानकारी देना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय अनुसूचित जाति-जनजाति हब, लखनऊ के मुख्य प्रबंधक श्री रवि ओरन, डिक्की उत्तर प्रदेश चैप्टर के अध्यक्ष श्री मनीष वर्मा, डॉ. राजेश गौतम, श्री शैलेन्द्र कुमार भीम और श्री सुरेश कुमार बौद्ध ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

मुख्य प्रबंधक श्री रवि ओरन ने अपने संबोधन में कहा कि भारत सरकार अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के उद्यमियों को सरकारी खरीद प्रणाली से जोड़ने, उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने उद्यमियों से GeM पोर्टल, वेंडर पंजीकरण, सरकारी खरीद प्रक्रिया और केंद्र सरकार की विभिन्न वित्तीय एवं उद्यमिता योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

डिक्की उत्तर प्रदेश चैप्टर के अध्यक्ष श्री मनीष वर्मा ने कहा कि डिक्की का उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के उद्यमियों को व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में मजबूत बनाना और उन्हें नए व्यावसायिक अवसरों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम नए और मौजूदा उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने, सरकारी खरीद में भागीदारी बढ़ाने और कारोबार का विस्तार करने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम में विभिन्न केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (CPSEs), बैंकों, उद्योग विभाग, GeM पोर्टल और अन्य सरकारी संस्थानों के अधिकारियों ने प्रतिभागियों को सरकारी खरीद नीति, वेंडर पंजीकरण, उद्यम पंजीकरण, बैंक ऋण, वित्तीय सहायता, स्टैंड-अप इंडिया, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) सहित केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं तथा उनकी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी।

इस दौरान सफल उद्यमियों श्री देव मणि सरोज, श्री निर्मल जीत राज, श्री प्रवेश कुमार, श्री वीरेंद्र विक्रम सुमन, श्री अरविंद कुमार सहित सुल्तानपुर के अन्य उद्यमियों ने अपनी उद्यमिता यात्रा और अनुभव साझा किए। उन्होंने व्यवसाय शुरू करने से लेकर चुनौतियों और सफलता तक के अनुभव बताते हुए युवाओं और नए उद्यमियों को स्वरोजगार, स्टार्टअप और उद्योग स्थापना के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में सुल्तानपुर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के उद्यमियों, स्टार्टअप्स, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम इकाइयों, स्वयं सहायता समूहों और युवा उद्यमियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने विभिन्न विभागों और संस्थानों के विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर सरकारी योजनाओं, वित्तीय सहायता, वेंडर पंजीकरण और सरकारी खरीद से जुड़े अपने सवालों के जवाब भी प्राप्त किए।

कार्यक्रम ने उद्यमियों को सरकारी खरीद, वित्तीय योजनाओं, बाजार से जुड़ाव और व्यवसाय विस्तार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी देने के साथ-साथ सरकारी संस्थानों, बैंकों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के साथ सीधे संवाद का प्रभावी मंच भी उपलब्ध कराया।

इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. राजेश गौतम (शुभांगी अस्पताल), श्री शैलेन्द्र कुमार भीम, श्री सुरेश कुमार बौद्ध और श्रीमती शिवकुमारी का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम के अंत में विजय प्रकाश ने सभी मुख्य अतिथियों, विभागीय अधिकारियों, बैंक प्रतिनिधियों, केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के अधिकारियों, सफल उद्यमियों, मीडिया प्रतिनिधियों और सभी प्रतिभागियों का कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें