Friday, November 13, 2026 07:10:35 PM

विदेशी सिविल सेवकों का गौतमबुद्धनगर दौरा
विभिन्न देशों के 40 सदस्यीय सिविल सेवकों के प्रतिनिधिमंडल ने गौतमबुद्धनगर प्रशासन से किया संवाद

विभिन्न देशों के 40 सदस्यीय सिविल सेवकों के प्रतिनिधिमंडल ने गौतमबुद्धनगर प्रशासन से संवाद कर प्रशासनिक व्यवस्था, विकास मॉडल और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।

विभिन्न देशों के 40 सदस्यीय सिविल सेवकों के प्रतिनिधिमंडल ने गौतमबुद्धनगर प्रशासन से किया संवाद
विदेशी सिविल सेवकों का गौतमबुद्धनगर दौरा |

विभिन्न देशों के 40 सदस्यीय सिविल सेवकों के प्रतिनिधिमंडल ने एनसीजीजी टीम के साथ गौतमबुद्धनगर का प्रशासनिक भ्रमण किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सूरजपुर, ग्रेटर नोएडा स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संवाद कर प्रशासनिक व्यवस्था, कार्यप्रणाली, विकास मॉडल और विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। कार्यक्रम की शुरुआत में अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी और डिप्टी कलेक्टर डॉ. पूर्वा शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को जिले की प्रशासनिक संरचना, शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली और जिला मजिस्ट्रेट/कलेक्टर की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन शासन की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जिला कलेक्टर के प्रमुख दायित्वों में राजस्व प्रशासन, विभागों के बीच समन्वय, आपदा प्रबंधन, निर्वाचन कार्य और जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन शामिल है।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि गौतमबुद्धनगर में सदर, दादरी और जेवर तीन तहसील तथा बिसरख, दादरी और जेवर तीन विकासखंड संचालित हैं। इसके अलावा जिले में छह नगर निकाय भी कार्यरत हैं। प्रशासनिक व्यवस्था में जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, कानूनगो और लेखपाल समेत विभिन्न स्तरों के अधिकारी-कर्मचारी कार्यरत हैं, जो शासन की योजनाओं और नीतियों को आमजन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं।

अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन को प्राथमिकता देते हुए तकनीकी नवाचार और ई-गवर्नेंस को बढ़ावा दे रहा है। जनसुनवाई, ऑनलाइन शिकायत निवारण प्रणाली और विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रतिनिधिमंडल को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की भी जानकारी दी गई। इनमें आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), पीएम पोषण योजना, जल जीवन मिशन, स्वामित्व योजना और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) सहित राज्य सरकार की शादी अनुदान योजना, अटल आवासीय विद्यालय योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, एक जनपद एक उत्पाद योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना प्रमुख रहीं।

अधिकारियों ने बताया कि इन योजनाओं के लिए पात्र लाभार्थियों का चयन पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाता है, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ जरूरतमंद और पात्र लोगों तक पहुंच सके।

संवाद के दौरान गौतमबुद्धनगर की प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि विकास और नियोजित शहरी विस्तार से जुड़े कार्यों के लिए जिले में तीन विकास प्राधिकरण कार्यरत हैं। वहीं कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग के लिए पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू है।

कार्यक्रम में विभिन्न देशों से आए अधिकारियों और गौतमबुद्धनगर के प्रशासनिक अधिकारियों के बीच प्रशासनिक अनुभवों और कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान भी हुआ। प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने, सुशासन को प्रभावी बनाने, तकनीकी नवाचार के उपयोग और विभिन्न देशों के बीच प्रशासनिक अनुभव एवं ज्ञान साझा करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने 40 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को “एक जनपद एक उत्पाद” योजना के तहत तैयार उत्पाद उपहार स्वरूप भेंट किए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी भू0अ0 अरुण कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर पूर्वा शर्मा, डिप्टी कलेक्टर अरुण कुमार, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनुराग सारस्वत, प्रभारी जिला विकास अधिकारी नेहा सिंह सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी और हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीपी शर्मा उपस्थित रहे।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें