गाजियाबाद में शक्ति संवाद और कन्या जन्मोत्सव |
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को गाजियाबाद में ‘शक्ति संवाद एवं कन्या जन्मोत्सव’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. बबीता सिंह चौहान ने दीप प्रज्वलित कर की। इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा, बालिका संरक्षण और बेटियों के महत्व का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत पांच नवजात बालिकाओं का कन्या जन्मोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर बच्चियों को बेबी किट दी गई और उनके अभिभावकों को सम्मानित किया गया। इस पहल के जरिए समाज में बेटियों के जन्म को लेकर सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश दिया गया।
महिलाओं ने साझा किए आत्मनिर्भरता के अनुभव
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी महिलाओं के साथ ‘शक्ति संवाद’ किया गया। डॉ. बबीता सिंह चौहान ने महिलाओं से उनकी समस्याओं, अनुभवों और विचारों पर बातचीत की। उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
संवाद में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने बताया कि इन समूहों के माध्यम से उनकी आमदनी बढ़ी है और समाज में उनकी अपनी पहचान भी बनी है।
रसूलपुर सिकरोड़ा, रजापुर की समूह सखी रानी ने बताया कि पहले लोग उन्हें उनके पति के नाम से जानते थे, लेकिन स्वयं सहायता समूह से जुड़कर काम शुरू करने के बाद उनकी अलग पहचान बनी। वर्तमान में उनकी मासिक आय करीब 20 हजार रुपये है।
मुरादनगर के रावली कला में पीएनबी शाखा में बैंक सखी के रूप में काम करने वाली रजनी त्यागी ने बताया कि वहां 67 स्वयं सहायता समूहों के खाते हैं। पशुपालन के साथ उनकी मासिक आय करीब 18 हजार रुपये है।
इसी तरह रहमतुनिशा सब्जी की दुकान चलाकर करीब 10 हजार रुपये प्रतिमाह कमाती हैं। राहील कृषि और पशुपालन से लगभग 16 हजार रुपये, ज्योति महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर करीब 10 हजार रुपये और सीमा पशुपालन से लगभग 12 हजार रुपये प्रतिमाह कमाती हैं।
डासना देहात की बैंक सखी रजिया ने बताया कि स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के बाद वह बैंक संबंधी कार्यों के साथ पशुपालन भी कर रही हैं। इससे उनकी मासिक आय करीब 16 हजार रुपये हो गई है।
स्वयं सहायता समूहों की भूमिका पर जोर
डॉ. बबीता सिंह चौहान ने महिलाओं के अनुभवों की सराहना करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूह महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने, उनका आत्मविश्वास बढ़ाने और समाज में उनकी स्वतंत्र पहचान स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और दूसरी महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी प्रज्ञा श्रीवास्तव, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।