मिशन शक्ति छात्राओं अस्पताल भ्रमण |
गौतमबुद्धनगर में मिशन शक्ति विशेष अभियान के छठे चरण के तहत बालिकाओं को आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही छात्राओं को सरकारी अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का भ्रमण कराकर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बिसरख, दादरी, दनकौर और जेवर ब्लॉक के सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कंपोजिट विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अस्पताल भ्रमण के दौरान छात्राओं को ओपीडी पर्चा बनवाने, पंजीकरण काउंटर पर प्रक्रिया पूरी करने, संबंधित डॉक्टर को दिखाने और विभिन्न प्रकार की जांच कराने के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी गई।
जिला समन्वयक (बालिका शिक्षा) विनय प्रकाश सिंह ने बताया कि ऐसी गतिविधियों से छात्र-छात्राएं सरकारी प्रक्रियाओं को करीब से समझते हैं। स्वयं इन प्रक्रियाओं से गुजरने पर उनमें आत्मनिर्भरता और जागरूकता बढ़ती है, जो भविष्य में उनके काम आती है।
जिला नोडल अर्चना पांडेय ने कहा कि बच्चे जिन प्रक्रियाओं को खुद अनुभव करते हैं, उन्हें लंबे समय तक याद रखते हैं और जरूरत पड़ने पर दूसरों की मदद भी कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि सेल्फ एस्टीम कार्यक्रम से बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद मिली है।
विनय प्रकाश सिंह ने कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालयों के सुगमकर्ताओं के सहयोग की सराहना की। उन्होंने चारों ब्लॉकों के ब्लॉक नोडल अनीता यादव, ज्योतिर्मय पांडे, कनिका सिंह और कल्पना शर्मा के साथ जिला नोडल अर्चना पांडेय तथा मास्टर ट्रेनर्स ममता शर्मा, करण सिंह और महेश कुमार के योगदान की भी प्रशंसा की। साथ ही बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।